MLC Election: महाविकास आघाड़ी का दबदबा, 5 में से 3 सीटों पर जीत, नागपुर में भाजपा और मुख्यमंत्री को बड़ा झटका
नागपुर: महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति और महाविकास आघाड़ी के बीच मुकाबले में पांच सीटों के नतीजों ने राजनीतिक तस्वीर साफ कर दी है। पुणे और छत्रपति संभाजीनगर की स्नातक सीटों पर शरद पवार गुट की जीत, नागपुर में कांग्रेस के अभिजीत वंजारी की विजय, तो पुणे शिक्षक सीट पर भाजपा और अमरावती में शिवसेना ने परचम लहराया। पांच सीटों में तीन पर महाविकास आघाड़ी और दो पर महायुति ने जीत दर्ज की है।
महाराष्ट्र विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। इन चुनावों में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित महायुति को बड़ा झटका लगा है। चुनाव में महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सत्तारूढ़ महायुति दो ही सीट जीत पाई। भाजपा को सबसे बड़ा झटका नागपुर में लगा जहां कांग्रेस उम्मीदवार अभिजीत बंजारी ने भाजपा उम्मीदवार सुधाकर कोहले को हर दिया। मतगणना के पहले चरण में कोहले आगे चल रहे थे, लेकिन आवश्यक मतों का कोटा पूरा नहीं होने के बाद दूसरी पसंद के मतों की गिनती की गई। इसके बाद मुकाबले का रुख बदला और अभिजीत वंजारी विजयी रहे।
पुणे स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की उम्मीदवार हर्षदा देशमुख-जाधव ने जीत दर्ज की। उनकी विजय से महाविकास आघाड़ी को एक महत्वपूर्ण सीट मिली। छत्रपति संभाजीनगर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार प्रतापसिंह पाटील ने जीत हासिल की। उन्होंने महायुति के उम्मीदवार चौहान को हराया।
पुणे शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के कौस्तुभ गावडे विजयी रहे। उनकी जीत से भाजपा को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में महत्वपूर्ण सफलता मिली। वहीं अमरावती शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के किरण सरनाईक ने जीत दर्ज की। इस प्रकार महायुति ने दोनों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी पकड़ मजबूत बनाई रखी।
इन परिणामों में महाविकास आघाड़ी ने स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मजबूत प्रदर्शन किया, जबकि महायुति ने दोनों शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में जीत दर्ज की। विशेष रूप से नागपुर में दूसरी पसंद के मतों के आधार पर अभिजीत वंजारी की जीत ने मतगणना की प्रक्रिया और चुनावी रणनीति को चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
admin
News Admin