logo_banner
Breaking
  • ⁕ मनोज जरांगे की ऑडियो क्लिप की होगी फॉरेंसिक जांच, मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- ढाई साल बाद क्लिप का बाहर आने का क्या उद्देश्य? ⁕
  • ⁕ MLC Election: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया मतदान, बोले- जनता में दिख रहा उत्साह ⁕
  • ⁕ चुनाव आते ही उर्दू स्कूलों की याद क्यों? किरण सरनाईक पर यशोमती ठाकुर का निशाना ⁕
  • ⁕ शिक्षकों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुआ तो रद्द होगी संस्था की मान्यता! चंद्रशेखर बावनकुले की चेतावनी ⁕
  • ⁕ अनिल बोंडे का बागी उम्मीदवार डॉ. संगीता शिंदे को आशीर्वाद, महायुति में बढ़ी कलह ⁕
  • ⁕ Akola: काटेपूर्णा और मोर्णा बांध से मिलेगा 24.03 दलघमी पानी, शहर की जलापूर्ति को राहत ⁕
  • ⁕ Chandrapur: पति के सामने बाघ ने महिला पर किया हमला, खेत में काम करते समय दर्दनाक मौत..! ⁕
  • ⁕ Buldhana: 'हमें भीख नहीं, मदद चाहिए', बुलढाणा में किसान संघ ने कद्दू और चॉकलेट देकर सरकार के खिलाफ निकाला गुस्सा.. ⁕
  • ⁕ Nagpur: ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे ASI रविंद्र कोकांडे की अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत ⁕
Nagpur

MLC Election: नितिन गडकरी ने पत्नी कांचन के साथ किया मतदान, मतदाताओं से की वोट डालने की अपील


नागपुर: महाराष्ट्र विधान परिषद के नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपनी पत्नी कांचन गडकरी के साथ नागपुर के महाल स्थित न्यू इंग्लिश हाई स्कूल मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी सुधाकर कोहले और भाजपा विधायक प्रवीण दटके भी मौजूद रहे। गडकरी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।

भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
नागपुर विभाग स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव इस बार राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनाव में कुल 38 प्रत्याशी मैदान में हैं। प्रमुख मुकाबला भाजपा के सुधाकर कोहले और कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य अभिजीत वंजारी के बीच है। निर्दलीय प्रत्याशी नितेश कराले भी चुनावी मैदान में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं। भाजपा इस सीट पर दोबारा कब्जा जमाने की कोशिश में जुटी है, जबकि कांग्रेस अपनी मौजूदा सीट बचाने के लिए प्रयासरत है।

भाजपा ने झोंकी पूरी ताकत
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चुनाव प्रचार के दौरान कई बैठकें और सभाएं कीं। मुख्यमंत्री फडणवीस ने नागपुर में दो दिन तक रहकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा की। उन्होंने नाराज चल रहे भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक अनिल सोले को भी मनाने का प्रयास किया।

दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी अभिजीत वंजारी के समर्थन में पार्टी नेताओं ने प्रचार किया। हालांकि, चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के भीतर नेताओं के बीच अपेक्षित एकजुटता दिखाई नहीं देने की चर्चा भी रही। निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया।

छह जिलों में 445 मतदान केंद्र
नागपुर विभाग के छह जिलों—नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, गड़चिरोली और चंद्रपुर—में मतदान कराया जा रहा है। इसके लिए कुल 445 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस चुनाव में कुल 2 लाख 55 हजार 603 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। इनमें 1 लाख 47 हजार 280 पुरुष, 1 लाख 8 हजार 301 महिलाएं और 22 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित है। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।

2,535 अधिकारी-कर्मचारी तैनात
चुनाव प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए छह जिलों में कुल 2,535 सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि मतदाता बिना किसी परेशानी के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में पंजीकृत मतदाताओं को मतदान की सुविधा देने के लिए विशेष अवकाश और निजी संस्थानों में चार घंटे की विशेष छूट देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।