Nagpur: 'आम जनता को छोड़ा, अपने बार तक बनाई सड़क', कांद्री नगर पंचायत के निर्माण सभापति पर भ्रष्टाचार के आरोप
नागपुर: नागपुर जिले की कांद्री नगर पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर निजी स्वार्थ साधने का गंभीर मामला सामने आया है। भाजपा नेताओं ने निर्माण सभापति अतुल हजारे पर करोड़ों रुपये की सड़क निधि का दुरुपयोग कर केवल अपने बियर बार तक डामर सड़क बनवाने का आरोप लगाया है। इस मामले में भाजपा ने उच्च स्तरीय जांच की मांग
पारशिवनी तहसील के अंतर्गत आने वाली कांद्री नगर पंचायत में भ्रष्टाचार का नया विवाद खड़ा हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांद्री धन्यवाद गेट स्थित रेलवे क्रॉसिंग से निमखेड़ा गांव तक पांधन रास्ते के डामरीकरण के लिए 7 करोड़ 59 लाख 53 हजार 387 रुपये की राशि मंजूर की गई थी। भाजपा कन्हान मंडल के महामंत्री सचिन वासनिक और उत्तर भारतीय अध्यक्ष शिवगोपाल यादव ने आरोप लगाया है कि निर्माण सभापति अतुल हजारे ने सार्वजनिक हितों को दरकिनार करते हुए इस निधि से केवल अपने बियर बार तक 750 मीटर डामर सड़क का निर्माण करवाया है।
आरोप है कि यह निर्माण कार्य भी अत्यंत घटिया दर्जे का है, जिससे सरकारी पैसे की बर्बादी हुई है। भाजपा नेताओं ने इस पूरे प्रकरण में धांधली का दावा करते हुए प्रशासन से जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि जिस सड़क का लाभ पूरे गांव को मिलना था, उसे व्यक्तिगत स्वार्थ के लिए उपयोग किया गया।
दूसरी ओर, इन गंभीर आरोपों पर जब निर्माण सभापति अतुल हजारे से संपर्क किया गया, तो उन्होंने किसी भी तरह की प्रतिक्रिया देने से साफ इनकार कर दिया है। फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय राजनीति गरमा गई है।
admin
News Admin