logo_banner
Breaking
  • ⁕ भंडारा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-पिकअप की जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत, तीन मासूम भी शामिल ⁕
  • ⁕ पेपर लिक और लापरवाही के खिलाफ MPSC एस्पिरेंट्स का आंदोलन जारी, विपक्ष का महायुति सरकार पर हमला; टास्क फाॅर्स के गठन पर उठाये सवाल ⁕
  • ⁕ Nagpur: नाबालिग से शादी कराकर बनाए शारीरिक संबंध, पति समेत 5 पर मामला दर्ज ⁕
  • ⁕ Nagpur: दुकान में सेंधमारी कर 1.70 लाख रुपये उड़ाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग शामिल ⁕
  • ⁕ गोंदिया-बालाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक और बोलेरो की टक्कर में छह की मौत; आठ गंभीर घायल ⁕
  • ⁕ श्वेता महल्ले और संजय गायकवाड़ के बीच जुबानी जंग तेज; भाजपा विधायक के बाप वाले जश्न पर शिवसेना नेता का पलटवार, कहा- समय पर बताऊंगा कौन है असली बाप? ⁕
  • ⁕ Nagpur: मल्टीलेयर साउंड सिस्टम, प्लाज्मा और प्रेशर मिड पर रोक; पुलिस आयुक्त की 60 दिन की अधिसूचना ⁕
  • ⁕ Nagpur: डांस क्लास जाने की बात पर पति-पत्नी में हुआ विवाद, दो बच्चों के सामने पति ने पत्नी के गले और पेट पर किए वार ⁕
  • ⁕ Nagpur: शराब को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, महिला की जान गई; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार ⁕
  • ⁕ Nagpur: 8 साल की बच्ची से कोच ने की छेड़खानी, पुलिस ने आरोपी कोच को किया गिरफ्तार ⁕
Nagpur

NEET UG 2026 Re-Exam: 12,512 विद्यार्थी देंगे परीक्षा, पुलिस सहित प्रशासन हाई अलर्ट; ज़ेरॉक्स दूकान रहेंगी बंद


नागपुर: राष्ट्रीय पात्रता एवं प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए नागपुर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले में कुल 12,512 परीक्षार्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा के लिए शहर में 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

देशभर में नीट परीक्षा को लेकर सामने आए विवादों, प्रश्नपत्र लीक और अनियमितताओं की आशंकाओं को देखते हुए प्रशासन इस बार किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, केंद्रीय सुरक्षा बल और परिवहन विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर बहुस्तरीय सुरक्षा योजना लागू की गई है।

14 केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती

नागपुर के 30 परीक्षा केंद्रों में से 14 केंद्रों पर सीआरपीएफ और पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि शेष 16 केंद्रों पर एसआरपीएफ और स्थानीय पुलिस सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे। परीक्षा केंद्रों के बाहर और आसपास विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

नागपुर शहर पुलिस ने परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 800 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहेंगे। यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

परीक्षार्थियों के लिए ‘आपली बस’ सेवा

विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए महापालिका और परिवहन विभाग ने मुफ्त ‘आपली बस’ सेवा उपलब्ध कराई है। परीक्षार्थी अपने प्रवेश पत्र (Admit Card) दिखाकर इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। बसें सुबह 10 बजे तक विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाएंगी, जबकि परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम 5 बजे वापसी के लिए भी विशेष बसों की व्यवस्था की गई है।

रेलवे ने भी बढ़ाई सुविधाएं

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए नागपुर और इतवारी रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त हेल्प डेस्क शुरू किए हैं। यात्रियों को मार्गदर्शन और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए रेलवे कर्मचारियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है।

केंद्रों पर अनिवार्य सुविधाएं

जिलाधिकारी कुमार आशीर्वाद ने सभी परीक्षा केंद्रों को निर्देश दिए हैं कि वहां पर्याप्त पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही सभी केंद्रों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।

मॉक ड्रिल के जरिए परखी गई तैयारी

परीक्षा से पहले सभी 30 केंद्रों पर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों के प्रवेश, जांच प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और आपातकालीन प्रबंधन का परीक्षण किया गया। प्रशासन ने दावा किया है कि सभी केंद्र परीक्षा संचालन के लिए पूरी तरह तैयार हैं। नीट-यूजी प्रश्नपत्रों को सुरक्षित ढंग से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को निर्धारित समय पर कड़ी निगरानी में केंद्रों तक पहुंचाया गया। इसके लिए 130 से अधिक पुलिसकर्मियों और परिवहन विभाग की सहायता ली गई।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने परीक्षार्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए हर स्तर पर निगरानी रखी जाएगी। कुल मिलाकर, नागपुर में NEET परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और सुरक्षा से लेकर परिवहन तक हर व्यवस्था को मजबूत किया गया है, ताकि हजारों विद्यार्थियों की परीक्षा बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।