logo_banner
Breaking
  • ⁕ मनोज जरांगे की ऑडियो क्लिप की होगी फॉरेंसिक जांच, मुख्यमंत्री फडणवीस बोले- ढाई साल बाद क्लिप का बाहर आने का क्या उद्देश्य? ⁕
  • ⁕ MLC Election: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने किया मतदान, बोले- जनता में दिख रहा उत्साह ⁕
  • ⁕ चुनाव आते ही उर्दू स्कूलों की याद क्यों? किरण सरनाईक पर यशोमती ठाकुर का निशाना ⁕
  • ⁕ शिक्षकों का चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हुआ तो रद्द होगी संस्था की मान्यता! चंद्रशेखर बावनकुले की चेतावनी ⁕
  • ⁕ अनिल बोंडे का बागी उम्मीदवार डॉ. संगीता शिंदे को आशीर्वाद, महायुति में बढ़ी कलह ⁕
  • ⁕ Akola: काटेपूर्णा और मोर्णा बांध से मिलेगा 24.03 दलघमी पानी, शहर की जलापूर्ति को राहत ⁕
  • ⁕ Chandrapur: पति के सामने बाघ ने महिला पर किया हमला, खेत में काम करते समय दर्दनाक मौत..! ⁕
  • ⁕ Buldhana: 'हमें भीख नहीं, मदद चाहिए', बुलढाणा में किसान संघ ने कद्दू और चॉकलेट देकर सरकार के खिलाफ निकाला गुस्सा.. ⁕
  • ⁕ Nagpur: ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे ASI रविंद्र कोकांडे की अचानक बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान मौत ⁕
Sports

रोमांचक मुकाबले में भारत ने बांग्लादेश को पांच रन हराया, सेमीफाइनल की राह हुई आसान 


एडीलेड: फॉर्म में लौटे केएल राहुल के सटीक थ्रो, विराट कोहली के नाबाद अर्धशतक और बारिश से मिली मदद के दम पर भारत ने बेहद रोमांचक मुकाबले में डकवर्थ लुईस प्रणाली से बांग्लादेश को पांच रन से हराकर टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश की ओर कदम रख दिया ।  

जीत के लिये 185 रन के लक्ष्य के जवाब में बांग्लादेश ने शानदार शुरूआत करके सात ओवर में बिना किसी नुकसान के 66 रन बना लिये थे । लिटन दास 27 गेंद में 60 रन बनाकर टीम को जीत की ओर ले जाते दिख रहे थे लेकिन बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा।  खेल बहाल होने पर बांग्लादेश को 16 ओवर में 151 रन का संशोधित लक्ष्य मिला लेकिन आठवें ओवर की दूसरी ही गेंद पर राहुल ने डीप मिडविकेट से सटीक थ्रो पर दास को रन आउट कर दिया जो मैच का निर्णायक मोड़ भी साबित हुआ।

बांग्लादेश की टीम छह विकेट पर 145 रन ही बना सकी।  इससे पहले ‘प्लेयर आफ द मैच ' कोहली के 44 गेंद में नाबाद 64 रन तथा राहुल के पचासे के दम पर भारत ने छह विकेट पर 184 रन बनाये थे। भारत के अब चार मैचों में छह अंक है और अंतिम चार में पहुंचने के लिये उसे रविवार को आखिरी मैच में जिम्बाब्वे को हराना होगा।  मोहम्मद शमी ने दसवें ओवर की पहली ही गेंद पर नजमुल हुसैन शांतो (25 गेंद में 21 रन) को लांगआन पर सूर्यकुमार यादव के हाथों लपकवाया।

कप्तान शाकिब अल हसन ने अगले ओवर में आर अश्विन को दो चौके लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की लेकिन 12वें ओवर में अर्शदीप सिंह ने दोहरे झटके देकर बांग्लादेश की वापसी की राह असंभव कर दी। पहली गेंद पर अर्शदीप ने अफीफ हुसैन को पवेलियन भेजा जब सूर्य ने एक और दर्शनीय कैच लपका। पांचवीं गेंद पर शाकिब को डीप मिडविकेट पर दीपक हुड्डा के हाथों लपकवाकर उन्होंने बांग्लादेश को सबसे करारा झटका दिया।  

अर्शदीप ने आखिरी ओवर में भी संयम के साथ गेंदबाजी की जब बांग्लादेश को छह गेंद में 20 रन की जरूरत थी। दूसरी गेंद पर छक्के और पांचवीं गेंद पर चौके के अलावा बाकी चार गेंदों पर बांग्लादेशी बल्लेबाज हाथ नहीं खोल सके और भारत की झोली में एक और रोमांचक जीत आई। इससे पहले भारत के लिये कोहली ने 44 गेंद में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 64 रन जोड़े। बांग्लादेश के किसी गेंदबाज के पास उनके शानदार स्ट्रोक्स का कोई जवाब नहीं था।

पर्थ की तुलना में यहां की पिच धीमी थी जिस पर बांग्लादेश के गेंदबाज पावरप्ले के बाद दबाव में आ गए । राहुल ने 31 गेंद में 50 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की। कोहली ने दूसरे विकेट के लिये राहुल के साथ 67 और तीसरे विकेट के लिये सूर्यकुमार यादव के साथ 38 रन की साझेदारी की। आईसीसी टी20 बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर एक पर काबिज हुए यादव ने 15 गेंद में 30 रन बनाये। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को पहले ही ओवर में तसकीन अहमद की गेंद पर जीवनदान मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और सात गेंद में दो रन बनाकर आउट हो गए ।  

शाकिब ने चार ओवर में 33 रन देकर राहुल और सूर्य के विकेट लिये लेकिन बांग्लादेश के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तसकीन रहे। बायें हाथ के तेज गेंदबाज शरीफुल इस्लाम और हसन महमूद महंगे साबित हुए जिन्होंने क्रमश: 57 और 47 रन दिये । इस्लाम को कोई विकेट नहीं मिला जबकि महमूद ने तीन विकेट लिये। पिछले तीन मैचों से खराब फॉर्म को लेकर आलोचना झेल रहे राहुल ने अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने पहले 21 रन बनाने में 20 गेंदें खेली लेकिन पावरप्ले के बाद हाथ खोले और दो शानदार छक्के जड़े।

शरीफुल के नौवें ओवर में 24 रन रन बने और भारतीय बल्लेबाज हावी हो गए । राहुल के अगले 29 रन दस गेंद में बने। वह 31 गेंद में 50 रन बनाकर आउट हुए और मुस्ताफिजूर रहमान ने शाकिब की गेंद पर उनका कैच लपका। दूसरे विकेट की साझेदारी में 67 रन 35 गेंद में बने। दूसरे छोर पर कोहली ने तसकीन को दो और मुस्ताफिजूर को एक चौका लगाया। सूर्य ने छोटी लेकिन आक्रामक पारी खेली लेकिन शाकिब की गेंद पर विकेट गंवा बैठे। दूसरे छोर पर हार्दिक पंड्या (पांच) , दिनेश कार्तिक (सात) और अक्षर पटेल (सात) कोई सहयोग नहीं दे सके। रविचंद्रन अश्विन ने छह गेंद में नाबाद 13 रन बनाये ।