Chandrapur: महाकाली मंदिर जा रहे 9 साल के कार्तिक को परिवार के सामने उठा ले गया तेंदुआ, 2 घंटे बाद झाड़ियों से तालियां बजाकर दी जिंदा होने की खबर
चंद्रपुर: चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर के शांतिनगर निवासी परिवार और उनके पड़ोसियों समेत करीब 12 लोग 17 अक्टूबर की रात पैदल माता के दर्शन के लिए निकले थे। इसी समूह में नौ वर्षीय कार्तिक संजय जाधव भी शामिल था, जो हैदराबाद से अपनी बुआ के यहां आया हुआ था। रात करीब 11 बजे… विसापुर टोल नाके से पहले अचानक एक तेंदुआ करीब 12 फीट ऊंची दीवार फांदकर आया और कार्तिक पर हमला कर उसे घसीटते हुए झाड़ियों में ले गया।
पलक झपकते ही खुशियों से भरा सफर चीख-पुकार में बदल गया। परिवार के सामने मासूम को तेंदुआ उठा ले गया। आसपास मौजूद श्रद्धालु भी घबरा गए। लोगों ने शोर मचाया और तेंदुए की तलाश में दौड़ पड़े। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अंदाजा लगाया गया कि तेंदुआ दीवार फांदकर बच्चे को ले गया होगा, दीवार के दूसरी ओर और जंगल में बच्चे की तलाश शुरू की गई।
सड़क पर लोगों की भारी भीड़ जमा थी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। हर किसी की नजरें कार्तिक की तलाश कर रही टीम पर टिकी थीं। तभी अचानक झाड़ियों की तरफ से ताली बजाने की आवाज सुनाई देने लगी। लगातार आती इस आवाज ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। जब कुछ लोगों ने झाड़ियों में जाकर देखा, तो वहां कार्तिक घायल अवस्था में पड़ा मिला।
जिस मासूम को तेंदुआ घसीटकर ले गया था, वह जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा था। बच्चे को तत्काल पुलिस की गाड़ी से चंद्रपुर के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के मुताबिक, उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। नवरात्र के दौरान हर साल हजारों श्रद्धालु बल्लारपुर से चंद्रपुर तक पैदल यात्रा करते हैं। मुख्य मार्ग पर जगह-जगह भक्तों के लिए खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए जाते हैं। इतनी चहल-पहल और श्रद्धालुओं की आवाजाही के बीच तेंदुए का हमला कई गंभीर सवाल खड़े करता है। फिलहाल घायल कार्तिक का अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना ने पैदल माता के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं में दहशत पैदा कर दी है।
admin
News Admin