Chandrapur: डॉक्टर की सूझबूझ, बिना बेहोश किए एंडोस्कोपी से निकाला बच्चे के पेट से चुंबक
चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर से एक चौंकाने वाली लेकिन राहत भरी घटना सामने आई है, जहां एक 6 साल के बच्चे ने खेलते-खेलते चुंबक निगल लिया। समय रहते डॉक्टरों की सूझबूझ और तेज कार्रवाई से बिना सर्जरी बच्चे की जान बचा ली गई।
चंद्रपुर में 6 वर्षीय एक बच्चे ने खेलते समय गलती से लोहचुंबक निगल लिया, जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। घटना के समय बच्चे के माता-पिता पास में नहीं थे। बच्चे ने रोते हुए बताया कि उसके पेट में कुछ चला गया है, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। बच्चे का इलाज गैस्ट्रोएंटेरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. राहुल सैनानी ने किया।
चुनौती यह थी कि बच्चे ने घटना से कुछ समय पहले ही खाना खाया था, ऐसे में उसे बेहोश (एनेस्थीसिया) करना जोखिम भरा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टर ने तुरंत एंडोस्कोपी करने का फैसला लिया। बिना किसी ऑपरेशन और बिना बेहोशी के, महज 2 मिनट में दूरबीन तकनीक के जरिए बच्चे के पेट से चुंबक सफलतापूर्वक निकाल लिया गया।
डॉक्टर की इस सूझबूझ से न केवल बच्चे की जान बच गई, बल्कि बड़ी सर्जरी की जरूरत भी टल गई। यह घटना अभिभावकों के लिए एक चेतावनी है कि बच्चों को छोटे या खतरनाक खिलौनों से दूर रखना बेहद जरूरी है।
admin
News Admin