Gondia: जंगली हाथियों का फिर आतंक, किसानों की फसलें बर्बाद; मुआवजे और स्थायी समाधान की मांग तेज
गोंदिया: गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील अंतर्गत वडेगांव/बंध्या क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक एक बार फिर सामने आया है। 19 मार्च को हाथियों के झुंड ने इलाके में घुसकर मक्का, मिर्च और सब्जी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया, जिससे किसानों को बड़ा आर्थिक झटका लगा है।
लगातार दूसरे दौर में तबाही
जानकारी के अनुसार, पिछले दो दिनों से हाथियों की गतिविधियां क्षेत्र में बनी हुई हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल है। इससे पहले 11 मार्च को भी 25 से 30 हाथियों के झुंड ने वडेगांव/बंध्या इलाके में प्रवेश कर फसलों के साथ-साथ सिंचाई पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाया था। यहां तक कि प्राचीन ‘खोल्या देव’ मंदिर परिसर में भी तोड़फोड़ की गई थी। अब दोबारा हाथियों के लौटने से किसानों पर दोहरी मार पड़ी है और उनकी आर्थिक स्थिति और अधिक प्रभावित हुई है।
वन विभाग अलर्ट, ड्रोन से निगरानी
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। ड्रोन की मदद से हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे हाथियों से दूरी बनाए रखें और किसी भी गतिविधि की तुरंत सूचना दें।
मुआवजा और स्थायी समाधान
नुकसान से परेशान किसानों ने प्रशासन से सरसकट मुआवजा देने और जंगली हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि बार-बार हो रहे नुकसान से उनकी आजीविका संकट में आ गई है।
admin
News Admin