Akola: 'लव जिहाद' का मामला उजागर, सोशल मीडिया के जरिए फरीदाबाद की युवती को जाल में फंसाया
अकोला: महाराष्ट्र के अकोला में कथित 'लव जिहाद' का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिससे शहर में हड़कंप मच गया है। हरियाणा के फरीदाबाद की एक 24 वर्षीय युवती को प्रेम जाल में फंसाकर अकोला लाने का आरोप युवती के भाई ने लगाया है। परिजनों का आरोप है कि युवती का 'माइंड वॉश' किया गया था। यह पूरी घटना अकोला के खदान थाना क्षेत्र के अंतर्गत सामने आई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हरियाणा के फरीदाबाद की रहने वाली 24 वर्षीय युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए अकोला के जमील काजी नाम के एक विवाहित युवक से हुई थी। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंधों में बदल गई। बताया जा रहा है कि पिछले आठ महीनों से दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था।
आरोप है कि युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर अकोला बुलाया और उसे करीब पांच दिनों तक अपने घर में रखा। इस बीच, जब युवती घर नहीं लौटी, तो उसके परिजनों ने फरीदाबाद में उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जब तकनीकी सहायता से मोबाइल लोकेशन ट्रैक की, तो युवती की मौजूदगी अकोला में पाई गई।
लोकेशन का पता चलते ही युवती के परिजनों ने अकोला में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं से संपर्क साधा। इसके बाद पुलिस और बजरंग दल के संयुक्त हस्तक्षेप से युवती को युवक के चंगुल से छुड़ाया गया। सुरक्षा के लिहाज से युवती को फिलहाल राज्य महिला गृह (State Women's Shelter Home) भेज दिया गया है। आरोपी युवक के खिलाफ फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है। फरीदाबाद पुलिस की एक टीम आगे की जांच के लिए अकोला पहुँच सकती है।
admin
News Admin