ट्यूशन के लिए निकली नाबालिग छात्रा का किया अपहरण, बंधक बना किया दुष्कर्म; 8 माह की गर्भवती होने पर मामले का खुलासा
नागपुर: नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 15 वर्षीया एक छात्रा के साथ एक युवक ने जबरदस्ती करीब 4 से 5 बार शारीरिक संबंध बनाए और गर्भवती होने पर भी उसे धमकियां देकर चुप रखा। पीड़िता के पेट दर्द के बाद अस्पताल में जांच में गर्भधारण का पता चलते ही मामला सामने आया। हालांकि पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने के तुरंत बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता 15 वर्ष की है पर नंदनवन परिसर स्थित एक माध्यमिक विद्यालय में 10वीं कक्षा की छात्रा है। आरोपी हर्षल युवराज नारनवरे बताया जा रहा है जो हिवरी नगर का रहने वाला है और पेशे से निजी ड्राइवर है। बताया जा रहा है कि 1 साल पहले आरोपी हर्षल पीड़िता का पीछा करता था और बात करने की कोशिश करता था। उसी दौरान उसने पीड़िता को जबरदस्ती अपनी दुपहिया गाड़ी पर बैठने को मजबूर किया और गाड़ी पर नहीं बैठने पर उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी उसे वाठोड़ा परिसर स्थित अपने किसी दोस्त के लॉज लेकर गया जहां उसके साथ उसने जबर्दस्ती शारीरिक संबंध स्थापित किये। यह सिलसिला पिछले 1 साल से चल रहा था। हाल ही में जब पीड़िता के पेट में दर्द हुआ तो उसके परिजन उसे मेडिकल हॉस्पिटल ले गए जहां डॉक्टर ने जांच के बाद बताया कि वह 8 महीने की गर्भवती है।
इसके बाद पीड़िता के परिजन थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। हालांकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दुष्कर्म और पोस्को के संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
admin
News Admin