शराबी ट्रक चालक का कहर, चार कारों को मारी टक्कर; स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ा
नागपुर: नागपुर के हुडकेश्वर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक शराबी ट्रक चालक ने सड़क पर जमकर आतंक मचाया। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसने एक के बाद एक चार कारों को टक्कर मार दी। इस घटना में भले ही कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों को भारी नुकसान पहुंची और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात करीब 8:30 से 9:00 बजे के बीच पिपला फाटा रोड पर स्थित क्वीन्स लैंड सेलिब्रेशन हॉल के सामने हुई। मनोहरराव रामाजी चचाने, जो कि पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हैं, अपनी पत्नी और नातिन के साथ स्विफ्ट डिजायर कार से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे आयशर ट्रक क्रमांक MH 40 Y 4566 के चालक ने रॉन्ग साइड में आकर उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि चचाने की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि इस घटना से पहले हाईवे पर यह चालक दो और कारों को टक्कर मारने के बाद वहां से भागा था। इसके बाद भी आरोपी चालक नहीं रुका और पीछे आ रही टाटा पंच कार को भी अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे की हालत में था और वाहन पर उसका कोई नियंत्रण नहीं था।
हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार होने की कोशिश में और तेज गति से ट्रक लेकर भाग निकला। लगभग एक किलोमीटर आगे जाकर उसने एक और कार को टक्कर मार दी, जिससे चौथी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान पीड़ितों और स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए ट्रक का पीछा किया जिसके बाद महालगी नगर इलाके में बोरकर अस्पताल के सामने ट्रक को रोक लिया गया। वहां लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही हुडकेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक शराब के नशे में था, जिसके कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने, जनजीवन को खतरे में डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आक्रोश है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल हुडकेश्वर पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है
admin
News Admin