Nagpur: एमडी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, कुख्यात अपराधी समेत दो गिरफ्तार
नागपुर: नागपुर के पांचपावली पुलिस ने छापा मार कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में एक कुख्यात अपराधी और उसके साथी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर कमाल चौक स्थित शनिचरा मार्केट में की गई।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोलिंग के दौरान टीम को सूचना मिली थी कि एक आरोपी एमडी बेचने के इरादे से इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर जाल बिछाया गया, जहां आरोपी नितेश हेडाऊ को मोपेड सहित मौके पर ही हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 10 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मोबाइल फोन और ₹12,000 नकद बरामद किए गए। जब्त माल की कुल कीमत लगभग ₹1.45 लाख बताई जा रही है।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह ड्रग्स उसे उसके साथी जगदीश गोखले ने उपलब्ध कराई थी। इसके बाद पुलिस ने कपिल नगर के म्हाडा क्वार्टर में छापा मारकर जगदीश गोखले को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी नितेश हेडाऊ के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, डकैती और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की जांच जारी है।
admin
News Admin