Nagpur: प्रेम संबंध के शक में जानलेवा हमला, युवक गंभीर रूप से घायल
नागपुर: नागपुर शहर के कलमना मार्केट क्षेत्र में प्रेम संबंध के शक को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। इस हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी टिकेश और अभिषेख पुराने अपराधी हैं और पहले भी चोरी के मामले में जेल जा चुके हैं। टिकेश को अपनी पत्नी और अपने पुराने दोस्त मयूर बोरकर के बीच कथित प्रेम संबंध का संदेह था, जिसको लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि 26 अप्रैल की रात मयूर ने टिकेश को बातचीत के लिए कलमना मार्केट के सामने बुलाया था। टिकेश अपने साथी अभिषेक के साथ वहां पहुंचा, जबकि मयूर अपने मित्र शेख अयान के साथ मौजूद था।
मुलाकात के दौरान विवाद बढ़ गया और टिकेश व अभिषेक ने मयूर पर चाकू से हमला कर दिया। मयूर ने सतर्कता दिखाते हुए खुद को बचा लिया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ आए शेख अयान को पकड़ लिया और उसके सीने व पेट पर कई वार किए। हमलावर अयान को गंभीर हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। कलमना पुलिस ने इस मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
admin
News Admin