गांधी जयंती के ड्राई डे से पहले शराब की बड़ी खेप पर क्राइम ब्रांच का वार! स्कॉर्पियो में भरकर लाई जा रही थी देशी-विदेशी शराब, आरोपी गिरफ्तार
नागपुर: 2 अक्टूबर यानी गांधी जयंती के ड्राई डे से पहले नागपुर में अवैध शराब की तस्करी का मामला सामने आया है। क्राइम ब्रांच यूनिट-1 ने हिंगणा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए स्कॉर्पियो वाहन से बड़ी मात्रा में देशी और विदेशी शराब बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर की रात डोंगरगांव सौल रूफ टॉप होटल के सामने वर्धा से नागपुर की ओर जाने वाले हाईवे पर यह कार्रवाई की गई। इस दौरान योगेश आकोडे को कथित तौर पर बिना परमिट शराब की अवैध तरीके से ढुलाई करते पकड़ा गया।
जांच के दौरान स्कॉर्पियो से देशी शराब की 1000 बोतल, इसके अलावा रॉयल चैलेंज, मैजिक मूवमेंट और रॉयल स्टैग की बड़ी मात्रा में बोतलें बरामद हुईं। पुलिस ने शराब, करीब 10 लाख रुपये की स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन समेत कुल 11 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है।
बताया जा रहा है कि 2 अक्टूबर के ड्राई डे को देखते हुए शराब की मांग बढ़ने की आशंका के बीच यह खेप नागपुर लाई जा रही थी। मामले में हिंगणा पुलिस थाने में महाराष्ट्र दारूबंदी कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी और जब्त सामान को आगे की कार्रवाई के लिए हिंगणा पुलिस के हवाले किया गया है।
admin
News Admin