अमरावती में अपराधी बेख़ौफ़! एक हफ्ते में तीन हत्याओं से मची सनसनी; आठ महीने में 34 वारदातें
अमरावती: अमरावती शहर एक बार फिर हत्या की वारदात से दहल उठा है। गाडगे नगर थाना क्षेत्र के कपिलवस्तु नगर में 20 वर्षीय विशाल मनोहर की धारदार चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने विशाल के पैर और जांघ पर चाकू से वार किए और मौके से फरार हो गए। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। खास बात यह है कि जनवरी से 5 सितंबर तक अमरावती शहर में हत्या की 34 वारदातें सामने आ चुकी हैं, जबकि महज एक हफ्ते में तीन हत्याओं ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
अमरावती शहर के कपिलवस्तु नगर में देर रात एक युवक की निर्मम हत्या से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय विशाल मनोहर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने विशाल पर धारदार चाकू से हमला किया। उसके पैर और जांघ पर चाकू से कई वार किए गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल विशाल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल और अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग-अलग टीमें रवाना कर दी हैं। इस घटना ने अमरावती शहर की कानून-व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनवरी से 5 सितंबर के बीच शहर में हत्या की 34 घटनाएं सामने आने की बात कही जा रही है।
वहीं, पिछले एक सप्ताह में ही तीन लोगों की हत्या हो चुकी है। दो दिन पहले कॉलेज छात्रा की हत्या का मामला सामने आया था और अब एक और युवक की हत्या ने शहर में दहशत बढ़ा दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है।
admin
News Admin