तड़ीपार होते हुए भी तस्कर घर से चला रहा था शराब का धंधा! पुलिस ने छापा मार किया गिरफ्तार, 130 बोतल देसी जब्त
नागपुर: नागपुर में तड़ीपार होने के बावजूद घर से अवैध शराब बेचने वाले आरोपी पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। मानकापुर थाना क्षेत्र में पुलिस आयुक्त के एस्कॉर्ट दस्ते ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर से बड़ी मात्रा में देशी शराब और नकदी बरामद की है।
यह मामला मानकापुर थाना क्षेत्र के गोधनी रेलवे स्थित लोखंडे लेआउट का है। देर रात पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटील के एस्कॉर्ट पथक की टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि प्लॉट नंबर 95 में विनोद सुधाकर थुल नामक व्यक्ति चोरी-छिपे देशी शराब बेच रहा है।
सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने मानकापुर थाने के अधिकारियों और दो पंचों की मौजूदगी में आरोपी के घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान 130 नग भिंगरी संत्रा देशी शराब और कुछ नकद रुपए बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, विनोद थुल के खिलाफ पहले भी शराब बिक्री के कई मामले दर्ज हैं। खास बात यह है कि गणेशोत्सव और नवरात्रि के मद्देनजर उसे 13 सितंबर से 22 अक्टूबर तक अस्थायी रूप से नागपुर शहर से तड़ीपार किया गया था।
इसके बावजूद वह अपने घर में मौजूद होकर शराब की कथित अवैध बिक्री करता मिला। आरोपी के खिलाफ मानकापुर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त विश्वास नागरे पाटील के मार्गदर्शन में एस्कॉर्ट पथक प्रमुख API भगवान कोळी और उनकी टीम ने की।
admin
News Admin