Buldhana: कर्ज़ से तंग आकर किसान ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में लिखा दर्द
बुलढाणा: बुलढाणा से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। एक तरफ जहाँ सूखे की मार और फसलों के नुकसान ने किसानों की कमर तोड़ दी है, वहीं दूसरी तरफ कर्ज़ के बढ़ते बोझ से परेशान होकर एक और अन्नदाता ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली है।
यह दर्दनाक घटना बुलढाणा जिले के चोंडी ताकेश्वरगाँव की है। यहाँ रहने वाले छोटे किसान शंकर रामभाऊ भारसाकले ने कर्ज़ के भारी तनाव में आकर अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले शंकर भारसाकले ने एक चिट्ठी यानी सुसाइड नोट लिखा था। इस चिट्ठी में छिपा दर्द आज हर किसी की आँखें नम कर रहा है। शंकर भारसाकले ने अपने सुसाइड नोट में अपनी बेबसी बयां करते हुए लिखा।
मुझ पर बहुत कर्ज़ है। कर्ज़ चुकाने के लिए मैंने खेत बेच दिया, लेकिन फिर भी कर्ज़ खत्म नहीं हुआ। एक खेत गिरवी रखा, उससे भी बात नहीं बनी। यहाँ तक कि मैंने अपनी पत्नी का मंगलसूत्र तक गिरवी रख दिया, लेकिन फिर भी ज़रूरत के मुताबिक पैसे नहीं जुट पाए... इसलिए अब मैं अपना जीवन समाप्त कर रहा हूँ। ज़मीन बिक गई, घर का गहना गिरवी रख दिया गया, लेकिन इसके बाद भी कर्ज़ का बोझ कम नहीं हुआ। आख़िरकार हार मानकर एक किसान को यह भयानक कदम उठाना पड़ा।
admin
News Admin