परिसर में दहशत फैलाने कार में बैठकर की हवाई फायरिंग, पुलिस ने आरोपी को वणी से किया गिरफ्तार
- हसनबाग चौक में आधी रात हवाई फायरिंग से मची दहशत
- कार की खिड़की से पिस्तौल निकालकर हवा में चलाई गोली
- सीसीटीवी के आधार पर वणी से रोशन उर्फ गोट्या मोहिते गिरफ्तार, कार-पिस्तौल जब्त
नागपुर: नागपुर के नंदनवन थाना क्षेत्र के हसनबाग चौक में कार से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट-4 ने आरोपी को वणी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रोशन अशोक मोहिते के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की जांच के लिए नंदनवन पुलिस के हवाले किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब डेढ़ बजे हसनबाग निवासी आबिद खान मोहम्मद खान दोपहिया वाहन से घर जा रहे थे। हसनबाग चौक स्थित डीएल मोटर्स के पास फ्लाईओवर के नीचे से मुड़ते समय उन्हें सामने से एक कार आती दिखाई दी। आरोप है कि कार चालक ने अचानक खिड़की से हाथ बाहर निकाला और पिस्तौल से हवा में गोली चला दी।
फायरिंग के बाद आरोपी कार को तेज रफ्तार से लेकर मौके से फरार हो गया। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।आबिद खान की शिकायत पर नंदनवन पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान कार रोशन मोहिते के नाम पर होने की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। गुरुवार शाम क्राइम ब्रांच यूनिट-4 की टीम ने रोशन मोहिते को वणी से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि रोशन का हसन बाग परिसर स्थित किसी सिराज नामक व्यक्ति से दो महीने पहले झगड़ा हुआ था और इसी झगड़े में वह उसकी तलाश में वहां पहुंचा था।
हालांकि इस दौरान सिराज उसको नहीं मिला और गुस्से में आकर दहशत निर्माण करने के उद्देश्य से हवा में फायरिंग कर दी। पुलिस अब फायरिंग में इस्तेमाल हथियार, घटना के पीछे के कारण और आरोपी के साथ मौजूद अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।
admin
News Admin