कलमना में सुपारी चोरी का बड़ा खुलासा! गोदाम फोड़कर 18 लाख की सुपारी चोरी, पांच आरोपी गिरफ्तार, 26.38 लाख का माल जब्त!
नागपुर: नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में गोदाम का ताला तोड़कर लाखों की सुपारी उड़ाने वाले आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16 लाख 27 हजार रुपये की चोरी की सुपारी, दो चारपहिया वाहन और मोबाइल फोन समेत कुल 26 लाख 38 हजार रुपये का माल जब्त किया है। अब इस पूरे गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।
नागपुर के कलमना थाना क्षेत्र में सुपारी चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामला 12 से 14 सितंबर के बीच का है। शिकायतकर्ता हनीफ किड़िया ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक, पावनगांव डी.के. फार्म के पास कैपिटल ट्रेडर्स के पक्के गोदाम को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। गोदाम से करीब 18 लाख रुपये की सुपारी और 5 हजार रुपये कीमत का डीवीआर चोरी कर लिया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही कलमना पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों, टोल नाकों की फुटेज और वाहनों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस को संदिग्ध मालवाहक वाहन के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान नितेश भवरिया, शुभम मराठे,मोहम्मद शहजाद उर्फ अतीक, मोहम्मद इरफान उर्फ बाबा और अरविंद बंटी येडा के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की सुपारी, दो चारपहिया वाहन और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त माल की कुल कीमत करीब 26 लाख 38 हजार रुपये है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले भी गोदाम फोड़ने, चोरी और अन्य गंभीर अपराधों में शामिल रहे हैं। आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच जारी है। इस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
admin
News Admin