Nagpur: गलत दिशा में कार दौड़ाना पड़ा भारी, रोकने पर पुलिसकर्मी से गाली-गलौज! कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
नागपुर: नागपुर के सोनेगांव थाना क्षेत्र में यातायात ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से बदसलूकी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गलत दिशा से कार चलाकर आ रहे चालक को जब पुलिसकर्मी ने रोकने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मी से कथित तौर पर गाली-गलौज और बाद विवाद किया। मामले में पुलिस ने चालक के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
यह घटना 5 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। पुलिसकर्मी शंकर मुसले अपनी टीम के साथ सोनेगांव थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रहे थे। इसी दौरान मनीषनगर अंडरपास की ओर से एक कार गलत दिशा से आती दिखाई दी। पुलिसकर्मी ने कार चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने कार नहीं रोकी और पुलिसकर्मी की ओर ही वाहन बढ़ा दिया। इसके बाद पुलिसकर्मी ने हाथ देकर कार को रुकवाया।
आरोप है कि कार रुकने के बाद चालक 30 वर्षीय जय मेघराज बजाज नरेंद्र नगर निवासी ने पुलिसकर्मी से वाद विवाद करते हुए अश्लील गाली-गलौज की। पुलिस के मुताबिक, चालक ने आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए और मौके पर हंगामा करते हुए सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की। पुलिसकर्मी की शिकायत पर सोनेगांव पुलिस ने जय मेघराज बजाज के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
admin
News Admin