Nagpur: नाबालिक से छेड़खानी, नशे में धुत होमगार्ड गिरफ्तार; पोक्सो के तहत केस दर्ज
नागपुर: नागपुर के पांचपावली इलाके से एक चौकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिक लड़की के साथ बीच सड़क पर दरिंदगी की हद तक छेड़खानी की गई। हैरान कर देने वाली बात यह है कि आरोपी एक होमगार्ड जवान है। हालांकि इस मामले की जानकारी मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना पांचपावली थाना क्षेत्र की है जहां ट्यूशन पढ़कर घर लौट रही महज 13 साल की, नवीं कक्षा की छात्रा के साथ बीच रास्ते में यह घटना हुई। घबराई हुई बच्ची किसी तरह घर पहुँची और परिवार को सारी बात बताई।
पीड़िता के परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए देरी न करते हुए तुरंत पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान 35 वर्षीय नौशाद अय्यूब कुरैशी के रूप में हुई है, जो पेशे से एक होमगार्ड है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह घटना के समय नशे की हालत में था। पुलिस ने छेड़खानी से जुड़ी धाराओं के साथ-साथ पोक्सो अधिनियम की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया है और आगे की जांच की जा रही है।
admin
News Admin