Nagpur: खड़गांव रोड के गोदाम पर पुलिस का छापा, 204 बोरे प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त
नागपुर: नागपुर में सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध के बावजूद अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। वाड़ी थाना क्षेत्र के खड़गांव रोड स्थित एक गोदाम पर पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक बरामद किया है। इस कार्रवाई ने प्रशासनिक व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार रात करीब 9 बजे पुलिस ने खड़गांव रोड स्थित बालाजी गोल्डन ट्रांसपोर्ट के गोदाम पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान 50 माइक्रोन से कम मोटाई वाली पॉलिथिन के 204 बोरे बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत करीब 6 लाख 15 हजार रुपए बताई जा रही है।
प्राथमिक जांच में महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने इस प्लास्टिक को पूरी तरह प्रतिबंधित श्रेणी में रखा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर नगर निगम समय रहते सक्रिय होता, तो इतना बड़ा अवैध भंडारण पहले ही पकड़ा जा सकता था।
फिलहाल पुलिस ने गोदाम मालिक मनोज शेक्कानी और देवी परिहार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि जब्त प्लास्टिक को रिसाइक्लिंग के लिए सौंप दिया गया है।
admin
News Admin