Chandrapur: घुग्घुस में ट्रक के केबिन से युवक की खून से लथपथ लाश बरामद, इलाके में सनसनी
चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घुग्घुस थाना क्षेत्र में एक ट्रक के केबिन से अज्ञात युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। यह सनसनीखेज मामला घुग्घुस-चंद्रपुर महामार्ग पर अंतुर्ला फाटा के पास स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने खड़े एक ट्रक से जुड़ा है। मंगलवार, 31 मार्च की सुबह इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ।
जानकारी के मुताबिक, ट्रक नंबर MH 34 AB 4978 का चालक सोमवार रात अपना ट्रक पेट्रोल पंप के पास खड़ा कर केबिन लॉक कर घर चला गया था। लेकिन सुबह जब वह लौटा और केबिन खोला, तो अंदर का नजारा देख उसके होश उड़ गए। केबिन के अंदर एक अज्ञात युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी हुई थी।
प्राथमिक जांच में बड़ा खुलासा
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार देर रात 4 से 5 अज्ञात आरोपियों ने युवक की बेरहमी से हत्या की और शव को छिपाने के लिए ट्रक के पीछे का कांच तोड़कर केबिन में डाल दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, क्राइम ब्रांच, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, लेकिन अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
जांच जारी, सवाल बरकरार
फिलहाल पुलिस ने मामला हत्या का मानते हुए जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। सबसे बड़ा सवाल अब भी बना हुआ है, आखिर यह युवक कौन है? और इतनी बेरहमी से उसकी हत्या क्यों की गई?
admin
News Admin