Housing Scam Case: यूसीएन न्यूज़ की खबर के बाद जागा प्रशासन; रामटेक एसडीओ ने समिति का किया गठन, चार दिन में आएगी रिपोर्ट
नागपुर: नागपुर जिले के पारशिवनी तहसील अंतर्गत वेकोलि कामठी उपक्षेत्र की इंदर कॉलरी नंबर 6 में सामने आए ₹32 करोड़ के आवास धांधली प्रकरण ने प्रशासन को हिला कर रख दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रामटेक एसडीओ प्रियेश महाजन ने 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जो महज 4 दिनों में पूरी रिपोर्ट सौंपेगी।
नागपुर के पारशिवनी तहसील के अंतर्गत वेकोलि कामठी उपक्षेत्र की इंदर कॉलरी नंबर 6 में ₹32 करोड़ के आवास धांधली प्रकरण को लेकर प्रशासन हरकत में आ गया है। 20 मार्च को UCN NEWS द्वारा इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद जांच की प्रक्रिया तेज हुई। इसके बाद 25 मार्च को रामटेक एसडीओ प्रियेश महाजन द्वारा मौके पर की गई जांच (मौका चौकसी) में खुद यह स्वीकार किया गया कि आवास मूल्यांकन प्रक्रिया में गड़बड़ी हुई है।
इसी के बाद एसडीओ ने तत्काल प्रभाव से 5 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है, जिसे 4 दिनों के भीतर विस्तृत अहवाल सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इस समिति में रामटेक तहसीलदार रमेश कोलपे, पारशिवनी तहसीलदार सुरेश वाघचवरे, सार्वजनिक बांधकाम विभाग के सहायक अभियंता, वेकोलि के अधिकारी और शिकायतकर्ता को शामिल किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घोटाले में सर्वे विभाग के अभिषेक सिंह और भूमि अधिग्रहण विभाग के किशोर लंगडे की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और उनकी जांच की मांग तेज हो गई है। अब सभी की नजर इस जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे इस ₹32 करोड़ के कथित घोटाले की परतें खुलने की उम्मीद है।
admin
News Admin