Nagpur: तेज रफ़्तार वाहन ने दोपहिया को मारी टक्कर, रेलवे कर्मचारी की मौत
नागपुर: कामठी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा जुनी कामठी थाना क्षेत्र के कामठी-नागपुर मार्ग स्थित भेंडीखाना इलाके में हुआ।
मृतक की पहचान कार्तिक राजाना अरगुल्लेवार (59), निवासी शास्त्री मंच, कामठी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे एक प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी थे और साउथ ईस्ट सेंटर रेलवे, मोतीबाग नागपुर में टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि घटना के समय वे अपनी एक्टिवा (MH-40/BR-3803) से ड्यूटी खत्म कर नागपुर से कामठी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान भेंडीखाना क्षेत्र में पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी दोपहिया को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे के बाद उन्हें उपचार के लिए कामठी उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
admin
News Admin