तड़ीपार से पहले बाका का तांडव! एमआईडीसी में 10 गाड़ियों में तोड़फोड़ कर मचाई थी दहशत, पुलिस ने कसा शिकंजा
नागपुर: नागपुर शहर में दहशत फैलाने वाला कुख्यात अपराधी आकाश सहारे उर्फ बाका आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। तड़ीपारी की कार्रवाई से पहले ही बाका ने अपने साथियों के साथ मिलकर ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में डर का माहौल बन गया। हालांकि बाद में पुलिस ने लोगों के मन में बसे उनकी दहशत को खत्म करने के लिए पूरे परिसर में उनकी परेड भी कराई।
एमआईडीसी थाना क्षेत्र के इंदिरा माता नगर में 23 मार्च की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब आकाश उर्फ बाका अपने साथियों के साथ हथियार लेकर इलाके में पहुंचा। सुमित इंगोले के घर के सामने इकट्ठा होकर इन बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। लोगों को जान से मारने की धमकी दी और देखते ही देखते 10 वाहनों को तोड़ डाला।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गुस्साए नागरिक सीधे एमआईडीसी थाने पहुंचे और पुलिस पर ही अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगा डाला। जिससे पुलिस की साख पर भी सवाल उठे। लेकिन अब पुलिस ने एक्शन लेते हुए मुख्य आरोपी बाका सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजू वाघमारे, सोमेश उर्फ दद्या धवराले, सौरभ तिवारी और मंथन दाभणे शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दद्या धवराले हाल ही में एमपीडीए के तहत जेल से छूटकर आया था। पुलिस ने सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं की, बल्कि आरोपियों को उसी इलाके में ले जाकर उनकी परेड भी निकाली, ताकि लोगों के मन से डर खत्म किया जा सके। पुलिस का साफ संदेश है नागपुर में कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सवाल ये है कि क्या इस कार्रवाई से अपराध पर लगाम लगेगी या फिर ऐसे बदमाश फिर सिर उठाएंगे?
admin
News Admin