Nagpur: 65 वर्षीय व्यापारी को फोन पर 10 लाख की रंगदारी की मांग, मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
नागपुर: नागपुर के गिट्टी खदान थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नामांकित व्यापारी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। फोन पर खुद को "राजा" बताने वाले आरोपी ने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी है। पुलिस अब इस अज्ञात कॉलर की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार मुताबिक यह मामला नागपुर के गिट्टी खदान थाना क्षेत्र का है, जहां 65 वर्षीय सुलेमान मैथिन बाबा, जो सदर के छावनी परिसर में पिछले 40 सालों से "शबाना बेकरी" चला रहे हैं, को एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। 26 मार्च की सुबह आरोपी ने कॉल कर खुद को "राजा" बताया और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
शुरुआत में व्यापारी ने इसे हल्के में लिया, लेकिन उसी रात दोबारा कॉल आने और धमकी मिलने के बाद मामला गंभीर हो गया। डरे-सहमे व्यापारी ने तुरंत गिट्टी खदान थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
admin
News Admin