Nagpur: खापरखेड़ा में सोते हुए दो लोगों पर हमला, ईंट-पत्थरों से सिर कुचला; हालत गंभीर
नागपुर: नागपुर के खापरखेड़ा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक झुलका भाकर केंद्र की झोपड़ी में सो रहे दो लोगों पर अज्ञात हमलावरों ने बेरहमी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। हालांकि हमले के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों व्यक्तियों को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल करवाया है और अज्ञात हमलावरों की तलाश कर रही है।
यह घटना खापरखेड़ा पुलिस थाना परिसर स्थित उदय लॉन के पास के झुनका भाकर केंद्र की है, जहां देर रात दो व्यक्ति झोपड़ी में गहरी नींद में सो रहे थे। तभी अज्ञात आरोपियों ने उन पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में दोनों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घायलों की पहचान फिरोज शेख और प्रशांत कुंभारे के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत मेयो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्रशांत कुंभारे को आईसीयू में भर्ती किया गया है। बताया जा रहा है कि प्रशांत कुंभारे पिछले एक महीने से लकड़गंज थाना क्षेत्र से लापता था और उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज थी।
घटना की जानकारी स्थानीय होटल संचालक तंजीर शेख को राहगीरों ने दी। मौके पर पहुंचने पर दोनों घायल झोपड़ी में पड़े मिले, जबकि आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान अब तक रहस्य बनी हुई है।
admin
News Admin