Nagpur: नकली शराब तस्करी रैकेट का भंडाफोड़, 28.70 लाख का माल जब्त; एक आरोपी गिरफ्तार, मुख्य साथी फरार
नागपुर: नागपुर क्राइम ब्रांच के वाहन चोरी विरोधी दल ने नकली शराब की तस्करी करने वाले बड़े रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ट्रक से 15 लाख 60 हजार रुपए कीमत की नकली शराब समेत कुल 28 लाख 70 हजार रुपए का माल जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दूल तौसीफ अब्दूल हफीज आजाद नगर, गिट्टीखदान के रूप में हुई है, जबकि उसका साथी अंकुश उर्फ अन्ना सुधाकर कुंचनवार हिंगणघाट निवासी फरार है। अमरावती रोड पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ऊपर कबाड़ भरा था, लेकिन कबाड़ हटाते ही गुप्त कंपार्टमेंट का खुलासा हुआ। इसमें 39 पेटियों में नकली शराब छिपाकर रखी गई थी।
पूछताछ में तौसीफ ने बताया कि शराब धुले से लाकर गढ़चिरौली के आलापल्ली पहुंचाई जानी थी। आबकारी विभाग की जांच में शराब नकली निकली। पुलिस को संदेह है कि रैकेट लंबे समय से गढ़चिरौली और वर्धा में नकली शराब की सप्लाई कर रहा था। इस मामले में अन्ना, ताजाबाद के सद्दाम समेत कई लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
admin
News Admin