'आपली बस' के 3 ऑपरेटरों पर गिरेगी गाज, सामान चोरी मामले में दर्ज होगी FIR, 32 लाख की वसूली का आदेश
नागपुर: नागपुर शहर (Nagpur City) की सार्वजनिक परिवहन सेवा 'आपली बस' (Aapli Bus) के संचालन में बड़ी लापरवाही और धांधली सामने आने के बाद नागपुर महानगर पालिका प्रशासन (Nagpur Municipal Corporation) ने कड़ा रुख अपनाया है। मनपा की परिवहन समिति (Transport Committee) ने तीन बस ऑपरेटरों के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज करने और उनसे कुल 32 लाख 39 हजार 710 रुपये वसूलने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
चेयरमैन मंगला खेकरे की अध्यक्षता में हुई अहम बैठक
परिवहन समिति की यह महत्वपूर्ण बैठक डॉ. पंजाबराव देशमुख स्मृति स्थायी समिति सभागार में सभापति मंगला खेकरे की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में समिति सदस्य किशोर कुमेरिया, विजय होले, अर्चना पडोळे समेत परिवहन प्रबंधक डॉ. मेघना वासनकर और प्रशासनिक अधिकारी योगेश लुंगे उपस्थित थे।
क्या है पूरा मामला?
जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन (JNNURM) के तहत नागपुर मनपा को 237 बसें मिली थीं। इनके संचालन की जिम्मेदारी तीन ऑपरेटरों को दी गई थी,
- मे. हंसा सिटी बस सर्विसेस (79 बसें)
- मे. आर. के. सिटी बस सर्विसेस (79 बसें)
- मे. ट्रेवल टाइम सिटी बस सर्विसेस (79 बसें)
नियम के अनुसार, 15 साल की अवधि पूरी होने के बाद कुल 123 बसों को सेवा से बाहर (Scrap/Write-off) करने की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान किए गए सर्वे में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कई बसों के चेसिस और महत्वपूर्ण पुर्जे (साहित्य) गायब हैं। मनपा द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद तीनों ऑपरेटरों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, जिसे गंभीरता से लेते हुए समिति ने अब फौजदारी (Criminal) कार्रवाई का फैसला किया है।
किस ऑपरेटर से कितनी होगी वसूली?
महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम (MSRTC) द्वारा किए गए मूल्यांकन के आधार पर वसूली की राशि तय की गई है,
- हंसा सिटी बस सर्विसेस: 16 लाख 99 हजार 490 रुपये
- ट्रेवल टाइम सिटी बस सर्विसेस: 11 लाख 62 हजार 300 रुपये
- आर. के. सिटी बस सर्विसेस: 3 लाख 77 हजार 920 रुपये
समिति ने स्पष्ट किया है कि यदि यह राशि निर्धारित समय में जमा नहीं की गई, तो इसे ऑपरेटरों के आगामी बिलों (Payment) से काट लिया जाएगा।
डिपो की सुरक्षा के लिए 87 गार्ड तैनात होंगे
बसों और डिपो की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समिति ने एक और बड़ा फैसला लिया है। मनपा के 7 बस डिपो और मोरभवन 1 व 2 परिसर में कुल 87 निजी सुरक्षा रक्षकों की नियुक्ति के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। ये सुरक्षा गार्ड तीनों पालियों (Shifts) में तैनात रहेंगे ताकि भविष्य में सामान चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके।
admin
News Admin