Nagpur: वेलकम सोसाइटी में दिनदहाड़े घुसे 8 नकाबपोश बदमाश, 4 गिरफ्तार, 5 आरोपी अब भी फरार
नागपुर: दाभा स्थित वेलकम सोसाइटी में हुई सनसनीखेज डकैती कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नकाबपोश बदमाशों के इस गैंग ने इलाके में दहशत फैला दी थी, लेकिन क्राइम ब्रांच यूनिट 2 की तेज कार्रवाई ने इस पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5 आरोपी अभी भी फरार हैं।
यह वारदात उस वक्त हुई जब फरियादी सतीश गढ़पायले अपने काम पर गए हुए थे और घर में उनका 17 वर्षीय बेटा अकेला मौजूद था। इसी मौके का फायदा उठाते हुए 8 नकाबपोश बदमाश एक स्विफ्ट कार और एक दुपहिया वाहन से पहुंचे और घर में जबरन घुस गए।बदमाशों ने बच्चे को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर करीब 40 हजार रुपये नकद लूट लिए। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम देने से पहले पूरे परिसर की पहले से रेकी की थी।
घटना के दौरान आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने “चोर-चोर” चिल्लाना शुरू कर दिया। लोगों की आवाज सुनते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। गिट्टीखदान पुलिस और क्राइम ब्रांच यूनिट 2 ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपियों की गाड़ी और घर से भागते हुए उनके फुटेज सामने आए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में संदीप भोजराज ठाकरे, सुमित पंजाब उईके, ऋषभ राजकुमार वैश्य और निखिल आनंद पाटील शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन सहित कुल 4 लाख 20 हजार रुपये का माल जब्त किया है। वहीं, इस गैंग के 5 अन्य सदस्य अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पकड़े गए सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए गिट्टी खदान पुलिस के हवाले किया गया है।
KARAN SINGH PRATAP SINGH THAKUR
Reporter