Bhandara: बेखौफ चोरों का तांडव: तुमसर में एक साथ 7 दुकानें फोड़ीं, पुलिस की गश्ती पर उठे सवाल
भंडारा: जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है और ऐसा प्रतीत होता है कि अब अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ पूरी तरह खत्म हो चुका है। भंडारा जिले में लगातार दूसरे दिन चोरी की बड़ी वारदातों ने नागरिकों और व्यापारियों की नींद उड़ा दी है। कल भंडारा शहर और राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे तीन गांवों में एक साथ 20 दुकानों के शटर उखाड़कर चोरी की गई थी, जिसके बाद आज रात तुमसर शहर में फिर से सात दुकानों में सेंधमारी की घटना सामने आई है। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम देते नजर आ रहे हैं। सलग दूसरे दिन हुई इस बड़ी चोरी से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
इन घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और उनकी रात्रि गश्ती (पेट्रोलिंग) पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक तरफ जहां पुलिस विभाग रात के समय मुस्तैद रहने और पेट्रोलिंग करने का दावा करता है, वहीं दूसरी तरफ चोर एक के बाद एक कई दुकानों को निशाना बना रहे हैं।
इस स्थिति से स्थानीय व्यापारी वर्ग और आम नागरिकों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं। नागरिकों ने अब पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई करने और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
admin
News Admin