Yavatmal: किटीकेयर हॉस्पिटल इलाके में दहशत फैलाने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, धारदार हथियार बरामद
यवतमाल: शहर के किटीकेयर हॉस्पिटल क्षेत्र में लोगों को डराने-धमकाने और दहशत फैलाने वाले दो बदमाशों को लोकल क्राइम ब्रांच (LCB) की टीम ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को अवधूतवाड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नेताजी नगर निवासी गणेश सकट (26) और मन्यायर लेआउट निवासी सागर चौधरी (40) के रूप में हुई है। LCB टीम इलाके में गश्त कर रही थी, तभी खुफिया सूचना मिली कि किटीकेयर हॉस्पिटल के पास स्थित पानी की टंकी के आसपास दो युवक धारदार हथियार लेकर घूम रहे हैं और आम नागरिकों में भय का माहौल बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही लोकल क्राइम ब्रांच की टीम पंचों के साथ मौके पर पहुंची और इलाके में घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लोहे के दो धारदार चाकू बरामद किए गए।
इस संबंध में पुलिस अधिकारी सचिन घुगे की शिकायत पर अवधूतवाड़ी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
admin
News Admin