नागपुर मेट्रो 2.0 निर्माण में बड़ा हादसा: क्रेन में खराबी, गर्डर समेत नीचे गिरा हिस्सा; वीडियो वायरल
नागपुर: नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब गर्डर उठा रही एक क्रेन ख़राब हो गई, जिसके कारण क्रेन और मेट्रो ब्रिज का एक हिस्सा टूटकर निचे गिर गया। यह हादसा शुक्रवार शाम सात बजे हिंगणा रोड के महाजनवाड़ी परिसर में हुआ। गनीमत यह रही कि, हादसे कोई हताहत नहीं हुआ। वहीं हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। इस घटना के बाद मेट्रो निर्माण कार्य में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण के निर्माण कार्य के दौरान शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। महामेट्रो द्वारा चलाए जा रहे प्रोजेक्ट में हिंगणा रोड के वानडोंगरी स्थित महाजनवाड़ी परिसर में मेट्रो ब्रिज निर्माण के दौरान गर्डर उठा रही क्रेन अचानक खराब हो गई। इसके कारण ब्रिज का लटका हुआ हिस्सा और क्रेन का एक भाग टूटकर नीचे गिर पड़ा।
घटना शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है। उस समय निर्माण कार्य जारी था, लेकिन राहत की बात यह रही कि हादसे के दौरान ब्रिज के नीचे कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, जैसे ही क्रेन और ब्रिज का हिस्सा गिरा, आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि नागपुर मेट्रो के दूसरे चरण का काम तेजी से चल रहा है और परियोजना का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा भी हो चुका है। इसी कड़ी में एक्वा लाइन के विस्तार का काम भी जोर-शोर से किया जा रहा है। लेकिन इस हादसे ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के दौरान का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल मेट्रो प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हादसे के कारणों की जांच कराने की बात कही है। अब देखना होगा कि जांच में इस दुर्घटना की असली वजह क्या सामने आती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
admin
News Admin