भाजपा के आंतरिक विवाद का नया अध्याय; महानगर अध्यक्ष सुभाष कासमगोटूवार पद से हटाए गए
चंद्रपुर: महानगरपालिका चुनाव की पृष्ठभूमि में चंद्रपुर शहर का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी में आंतरिक गुटबाजी एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। उम्मीदवार चयन को लेकर मचे घमासान के बाद अब भाजपा के महानगर अध्यक्ष सुभाष कासमगोटूवार को उनके पद से हटाए जाने से पार्टी में भारी हलचल मच गई है।
विधायक किशोर जोरगेवार के समर्थक माने जाने वाले सुभाष कासमगोटूवार को कुछ ही महीने पहले महानगर अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। हालांकि, महानगरपालिका चुनाव प्रक्रिया के दौरान विधायक सुधीर मुनगंटीवार और विधायक किशोर जोरगेवार के बीच टकराव तेज हो गया, जिसका सीधा असर पार्टी की संगठनात्मक संरचना पर पड़ता नजर आ रहा है।
इसी दौरान उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में भी बड़ा राजनीतिक ड्रामा देखने को मिला। एबी फॉर्म के वितरण में एक ही वार्ड से दो से तीन उम्मीदवारों को एक ही गट से फॉर्म दिए जाने की घटनाएं सामने आईं, जिससे पार्टी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। इस गड़बड़ी के चलते कार्यकर्ताओं में असंतोष फैल गया है और आंतरिक विवाद और अधिक गहराता दिख रहा है। इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में सुभाष कासमगोटूवार को अचानक पद से हटाए जाने से भाजपा के आंतरिक राजनीतिक समीकरणों में बड़ी हलचल मच गई है।
admin
News Admin