आशीष शेलार ने पिली मारबत के दर्शन, कहा- 145 साल पुरानी है नागपुर की परंपरा; संरक्षण के लिए समिति गठित करने का किया ऐलान
नागपुर: नागपुर दौरे पर पहुंचे सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने ऐतिहासिक पिली मारबत के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इस दौरान शेलार ने नागपुर महानगर पालिका द्वारा आयोजित मारबत उत्सव का आधिकारिक शुरुआत की। शेलार ने ने 145 साल पुरानी मारबत परंपरा को नागपुर की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत बताते हुए इसके संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए समिति गठित करने की बात कही।
आशीष शेलार ने कहा कि, "मारबत महोत्सव के माध्यम से लोग इड़ा-पीड़ा, अनिष्ट, बीमारी और बुराइयों को दूर करने की भावना व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि यह 145 साल पुरानी परंपरा है और इस वर्ष नागपुर महानगरपालिका भी इसमें सहभागी हुई है। आने वाले समय में राज्य सरकार की ओर से जनता की भागीदारी वाले ऐसे पारंपरिक उत्सवों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्य विभाग के माध्यम से पहल की जाएगी।"
राज ठाकरे की फोटो वाली दीवार पर साधा निशाना
राज ठाकरे की फोटो को महापुरुषों की तस्वीरों के साथ लगाए जाने के विवाद पर शेलार ने कहा कि, "महापुरुषों के प्रति सम्मान और भाव हर नागरिक को व्यक्त करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मुद्दे पर राजनीति कर मनसे ने गलत मानसिकता का प्रदर्शन किया है।" शेलार ने सवाल उठाया कि, "राज ठाकरे की तस्वीर शिवाजी महाराज और अन्य नेताओं की तस्वीरों के साथ लगाई गई है, तो क्या राज ठाकरे इस पर कार्रवाई करेंगे? उन्होंने कहा कि यदि राज ठाकरे इस मामले में कार्रवाई करते हैं, तभी उनकी भूमिका सही मायने में सार्थक मानी जाएगी।"
पुणे DJ बंदी पर बोले शेलार
पुणे में DJ बंदी को लेकर चल रहे विवाद पर आशीष शेलार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस मामले में सरकार की भूमिका स्पष्ट कर दी है और राज्य सरकार ने निर्णय लिया है। DJ और उससे जुड़े नियम स्पष्ट हैं तथा प्रशासन उसी के अनुसार कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी कानून या सरकारी फैसले के सफल क्रियान्वयन के लिए जनता का सहयोग जरूरी है। बातचीत और चर्चा के जरिए इस मुद्दे का समाधान निकाला जा सकता है।
राहुल गांधी के बयान पर पलटवार
राहुल गांधी द्वारा पेपर लीक और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर उठाए गए सवालों पर शेलार ने निशाना साधते हुए कहा कि, "उनके बयान और मांग में ईमानदारी नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी वास्तव में विद्यार्थियों के भविष्य और पेपर लीक को लेकर गंभीर हैं, तो उन्हें झारखंड और कर्नाटक में भी पेपर लीक के मामलों पर कार्रवाई की मांग करनी चाहिए।" शेलार ने कहा कि, "अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग न्याय नहीं चल सकता। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पेपर लीक और विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर सख्त कार्रवाई की है और कानून भी बनाया है।"
राज ठाकरे के DJ बयान पर तंज
राज ठाकरे द्वारा DJ को लेकर दिए गए बयान पर भी शेलार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज ठाकरे की भूमिका क्या है, यह महत्वपूर्ण नहीं है, क्योंकि इस मामले में राज्य सरकार पहले ही अपना निर्णय स्पष्ट कर चुकी है। शेलार ने तंज कसते हुए कहा कि “वरात के पीछे घोड़े” वाली भूमिका राज ठाकरे की इस मामले में भी दिखाई दे रही है।
गोविंदा हादसों पर सरकार के सुरक्षा इंतजाम का दावा
गोविंदा पथकों के सदस्यों की दुर्घटनाओं और मौतों को लेकर शेलार ने कहा कि सरकार ने गोविंदाओं के लिए सुरक्षा कवच और इंश्योरेंस पॉलिसी की व्यवस्था की है। उन्होंने हादसों में युवाओं की मौत को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि सरकार गोविंदाओं और उनके परिवारों के साथ खड़ी है।
जरांगे करें सरकार का सहयोग
मनोज जरांगे के आंदोलन पर आशीष शेलार ने कहा कि जरांगे समाज की मांगों को सामने रख रहे हैं और सरकार उनका समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन में कोई व्यक्ति या व्यवस्था समाज की मांगों के रास्ते में बाधा बन रही है, तो सरकार उसे दूर करेगी। शेलार ने मनोज जरांगे से भी अपील की कि समाज की मांगों को पूरा करने के लिए सरकार के साथ मिलकर सहयोग करें। उन्होंने कहा कि सरकार समाज की मांगों के समर्थन में है और बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश की जाएगी।
admin
News Admin