बच्चू कडु ने रची हत्या की साजिश, विधायक प्रवीण तायड़े के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मामला किया दर्ज; खबर से जिले में मची सनसनी
अमरावती: महाराष्ट्र की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। प्रहार जनशक्ति संगठन के अध्यक्ष और पूर्व राज्य मंत्री बच्चू कडू के खिलाफ हत्या की साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अचलपूर निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी विधायक प्रवीण तायडे के भाई अभिजीत तायडे को एक 'बनावटी एक्सीडेंट' (Fake Accident) के जरिए रास्ते से हटाने का प्लान बनाया था। अमरावती ग्रामीण पुलिस के अंतर्गत आने वाले चांदूर बाजार थाने में यह केस दर्ज होने के बाद पूरे जिले में खलबली मच गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायतकर्ता अभिजीत दिवाकरराव तायडे (उम्र 40 वर्ष) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि बच्चू कडू और उनके करीबी सहयोगी शुभम उर्फ गोलू माहोरे ने मिलकर उनकी हत्या का षड्यंत्र रचा था। शिकायत के अनुसार, आरोपी चाहते थे कि अभिजीत तायडे की मौत एक सामान्य सड़क दुर्घटना लगे, ताकि किसी को शक न हो और उनकी राजनीतिक राह आसान हो जाए।
ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुला राज
इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण कड़ी एक मोबाइल रिकॉर्डिंग है। अभिजीत तायडे ने पुलिस को इस कथित साजिश से जुड़ी एक मोबाइल कॉल रिकॉर्डिंग सौंपी है। तायडे का दावा है कि इस रिकॉर्डिंग में हत्या की प्लानिंग को लेकर चर्चा की गई है। पुलिस ने रिकॉर्डिंग वाला पेनड्राइव जब्त कर लिया है और इसकी सत्यता की जांच शुरू कर दी है।
इन धाराओं के तहत दर्ज हुई FIR
चांदूर बाजार पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आपराधिक साजिश (Criminal Conspiracy), धारा 55 और 58: अपराध के लिए उकसाना और अन्य संबंधित प्रावधान के तहत मामला दर्ज किया है।।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
अमरावती ग्रामीण पुलिस ने बताया कि सबूतों (ऑडियो क्लिप) को फॉरेंसिक जांच (Forensic Lab) के लिए भेज दिया गया है। पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि क्या वाकई में ऐसी कोई साजिश रची गई थी या इसके पीछे कोई राजनीतिक रंजिश है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा
अचलपूर और अमरावती की राजनीति में बच्चू कडू और तायडे परिवार के बीच पुरानी प्रतिद्वंद्विता रही है। अब सीधे तौर पर हत्या की साजिश का आरोप लगने से आने वाले दिनों में महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा भूचाल आ सकता है। फिलहाल, बच्चू कडू की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
admin
News Admin