चंद्रपुर मेयर चुनाव विवाद: माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता, यह सब बकवास है- विजय वडेट्टीवार
नागपुर/चंद्रपुर: चंद्रपुर मनपा में सर्वाधिक सीटें होने के बावजूद कांग्रेस अपना महापौर (मेयर) बनाने में विफल रही। इस विफलता के बाद चर्चा थी कि कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने आलाकमान से माफी मांग ली है, लेकिन अब वडेट्टीवार ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने तीखे तेवर अपनाते हुए कहा कि चंद्रपुर मामले में उनकी कोई गलती नहीं है, इसलिए माफी मांगने का प्रश्न ही पैदा नहीं होता।
"पार्टी बैठक में इस पर कोई चर्चा नहीं हुई"
विजय वडेट्टीवार ने स्पष्ट किया कि दिल्ली में हुई कांग्रेस कोर कमेटी की बैठक में चंद्रपुर के विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "यह सब झूठ और बकवास है। बैठक में आगामी आंदोलनों की रूपरेखा तय करने पर चर्चा हुई, चंद्रपुर का मुद्दा एजेंडे में था ही नहीं। फिर माफी मांगने की बात कहाँ से आई?"
विरोधियों पर साधा निशाना
वडेट्टीवार ने इस खबर को साजिश करार देते हुए कहा, "माफी मांगने की खबर फैलाना कोरी मूर्खता और नालायकी है। कुछ लोग मेरे 'हितशत्रु' (दुश्मन) हैं, जिन्होंने यह अफवाह फैलाई है। जब मैंने कुछ गलत किया ही नहीं, तो माफी क्यों माँगू? यह पूरी तरह से शरारतपूर्ण और आधारहीन दावा है।"
क्या था पूरा मामला?
चंद्रपुर मनपा चुनाव में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी और वहां कांग्रेस का मेयर बनना तय माना जा रहा था। हालांकि, विधायक विजय वडेट्टीवार और सांसद प्रतिभा धानोरकर के बीच आपसी खींचतान का फायदा उठाते हुए भाजपा ने पासा पलट दिया। भाजपा ने ऐन वक्त पर ठाकरे गुट को अपने साथ मिलाया और सत्ता हथिया ली। राजनीतिक गलियारों में चर्चा थी कि इसी गुटबाजी के कारण कांग्रेस के हाथ से सत्ता निकल गई, जिसके लिए आलाकमान ने वडेट्टीवार की क्लास लगाई है।
भविष्य की रणनीति पर मंथन
वडेट्टीवार के अनुसार, कल की बैठक का मुख्य उद्देश्य भविष्य की राजनीतिक रणनीति और जन आंदोलनों की योजना बनाना था। उन्होंने दोहराया कि पार्टी के भीतर उनके खिलाफ अफवाहें फैलाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।
admin
News Admin