उपराजधानी में नहीं थम रहा सिलिंडर संकट, वानडोंगरी में आधा किलोमीटर लंबी नागरिकों लाइन; सुबह पांच बजे से कतारों में लोग
नागपुर: खाड़ी देशों में जारी तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। गैस और पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी को लेकर नागरिकों में डर और चिंता का माहौल बन गया है। लोग घबराहट में जरूरत से ज्यादा खरीदारी कर रहे हैं। हालांकि, सरकार लगातार यह आश्वासन दे रही है कि देश में ईंधन और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और लोगों से अपील की जा रही है कि वे अनावश्यक भंडारण न करें।
इसी बीच उपराजधानी नागपुर के वानडोंगरी इलाके से ऐसी तस्वीरें सामने आई हैं, जो सरकार के दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही हैं। यहां गैस सिलेंडर लेने के लिए नागरिक लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। कई लोग सुबह 5 बजे से ही लाइन में लगे रहे। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, नागपुर जिले के वानडोंगरी परिसर में एचपी कंपनी से जुड़ी गैस एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। सिलेंडर लेने के लिए लगी कतार एजेंसी से करीब आधा किलोमीटर दूर तक पहुंच गई। कई लोग सुबह 5 बजे से ही लाइन में खड़े रहे।दोपहर में तेज धूप के बावजूद जब गैस सिलेंडर का वितरण नहीं हुआ, तो नाराज लोगों ने कुछ समय के लिए गैस एजेंसी के सामने सड़क जाम कर दी और जमकर नारेबाजी की।
बताया जा रहा है कि जिन उपभोक्ताओं का केवाईसी पूरा नहीं हुआ है, उन्हें सिलेंडर बुकिंग और वितरण में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे देरी हो रही है। यही वजह है कि शहर की कई गैस एजेंसियों के बाहर इस तरह की भीड़ और लोगों का गुस्सा देखने को मिल रहा है। यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
admin
News Admin