अपने पुराने साथी दत्ता मेघे को श्रद्धांजलि देने नागपुर पहुंचे शरद पवार, परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं की व्यक्त
नागपुर: एनसीपी (SP) प्रमुख शरद पवार (Sharad Pawar) मंगलवार को नागपुर (Nagpur City) पहुंचे। एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पवार सीधे पूर्व सांसद दिवंगत दत्ता मेघे (Late Datta Meghe) के खामला स्थित आवास पहुंचे। वहां उन्होंने मेघे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शरद पवार ने दत्ता मेघे के पुत्रों, सागर और समीर मेघे (MLA Sameer Meghe) सहित शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री दत्ता मेघे का रविवार को निधन हो गया था। मेघे ने 89 वर्ष की उम्र में नागपुर स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। सोमवार को वर्धा स्थित उनके पैतृक गांव पवनार में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis), केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) सहित राज्य सरकार के अन्य मंत्री और विधायक मौजूद रहे।
मंगलवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी प्रमुख शरद पवार (NCP President Sharad Pawar) अपने पुराने साथी दत्ता मेघे को श्रद्धांजलि देने नागपुर पहुंचे। डॉ बाबासाहेब आंबेडकर एयरपोर्ट (Dr. Babasaheb Ambedkar International Airport) पर उतने के बाद पवार सीधे मेघे के खामला स्थित निवास स्थान पहुंचे। इस दौरान पूर्व गृहमंत्री अनिल देशमुख (Anil Deshmukh) भी मौजूद रहे। इस दौरान पवार ने मेघे की तस्वीर पर पुष्पार्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी। करीब 25 मिनट तक पवार ने मेघे के दोनों बेटे सागर (Sagar Meghe) और विधायक समीर मेघे सहित परिवार से बातचीत और मुलाकात की।
इस दौरान पत्रकारों से बोलते हुए शरद पवार ने कहा, आज यहाँ आने का मेरा मुख्य उद्देश्य उस महान व्यक्ति को श्रद्धांजलि अर्पित करना है, जिसने मुझे नागपुर में अपार प्रेम, आत्मीयता, भोजन और स्नेहपूर्ण साथ दिया। पवार ने आगे कहा कि दत्ता भाऊ ने जो कार्य किए हैं, वे सदैव जीवित रहेंगे और आने वाली पीढ़ियां भी उन्हें सम्मान और आदर के साथ याद करेंगी।
admin
News Admin