logo_banner
Breaking
  • ⁕ Chandrapur: पुरातन धरोहर का बदला स्वरूप! महाशिवलिंग परिसर में अवैध निर्माण पर बवाल ⁕
  • ⁕ पेपर लिक और लापरवाही के खिलाफ MPSC एस्पिरेंट्स का आंदोलन जारी, विपक्ष का महायुति सरकार पर हमला; टास्क फाॅर्स के गठन पर उठाये सवाल ⁕
  • ⁕ Nagpur: नाबालिग से शादी कराकर बनाए शारीरिक संबंध, पति समेत 5 पर मामला दर्ज ⁕
  • ⁕ Nagpur: दुकान में सेंधमारी कर 1.70 लाख रुपये उड़ाने वाले 5 आरोपी गिरफ्तार, दो नाबालिग शामिल ⁕
  • ⁕ गोंदिया-बालाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक और बोलेरो की टक्कर में छह की मौत; आठ गंभीर घायल ⁕
  • ⁕ श्वेता महल्ले और संजय गायकवाड़ के बीच जुबानी जंग तेज; भाजपा विधायक के बाप वाले जश्न पर शिवसेना नेता का पलटवार, कहा- समय पर बताऊंगा कौन है असली बाप? ⁕
  • ⁕ Nagpur: मल्टीलेयर साउंड सिस्टम, प्लाज्मा और प्रेशर मिड पर रोक; पुलिस आयुक्त की 60 दिन की अधिसूचना ⁕
  • ⁕ Nagpur: डांस क्लास जाने की बात पर पति-पत्नी में हुआ विवाद, दो बच्चों के सामने पति ने पत्नी के गले और पेट पर किए वार ⁕
  • ⁕ Nagpur: शराब को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, महिला की जान गई; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार ⁕
  • ⁕ Nagpur: 8 साल की बच्ची से कोच ने की छेड़खानी, पुलिस ने आरोपी कोच को किया गिरफ्तार ⁕
Nagpur

नागपुर पहुंचे रोहित पवार, छत्रपति चौक पर खाया फेमस तर्री-पोहा ; NCP पदाधिकारियों के साथ किया नाश्ता, किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा


नागपुर: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार इन दिनों विदर्भ के दौरे पर हैं। भंडारा और गोंदिया के दौरे के बाद नागपुर पहुंचे रोहित पवार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए राज्य में बारिश की स्थिति, खरीफ फसलों पर मंडरा रहे संकट, कर्जमाफी और धान के खरीद मूल्य को लेकर सरकार पर निशाना साधा। इसके बाद उन्होंने छत्रपति चौक स्थित एक होटल में पार्टी पदाधिकारियों के साथ चाय-नाश्ता किया।

विदर्भ में बारिश की कमी, खरीफ फसलों पर संकट
रोहित पवार ने कहा कि महाराष्ट्र में मानसून अपेक्षा के मुताबिक नहीं रहा है। उनके अनुसार, विदर्भ में बारिश की करीब 40 फीसदी कमी है, जबकि मराठवाड़ा में भी बारिश की स्थिति चिंताजनक है। पश्चिम महाराष्ट्र और खानदेश के कुछ जिलों को छोड़कर राज्य के कई हिस्सों में बारिश की कमी बताई गई है।

बारिश की कमी का सीधा असर खरीफ फसलों पर पड़ रहा है। सोयाबीन, कपास और धान जैसी प्रमुख फसलों पर संकट गहरा गया है। पर्याप्त बारिश नहीं होने से फसलों की उत्पादकता प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में संकट में फंसे किसानों को तत्काल राहत देने की मांग रोहित पवार ने की। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में औसत से 20 फीसदी कम बारिश हुई है, वहां सरकार को सूखा घोषित कर किसानों के लिए राहत उपाय लागू करने चाहिए।

किसानों के लिए चारा और पानी की मांग
रोहित पवार ने कहा कि भंडारा और गोंदिया जिलों में किसानों की समस्याओं को लेकर आंदोलन किए जा रहे हैं। पशुओं के लिए चारा और पानी उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई जा रही है। उन्होंने बताया कि गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव में किसानों की मांगों को लेकर जनआक्रोश मोर्चा निकाला जाएगा। इसके बाद भंडारा जिले के क्रीड़ा में भी मोर्चे में शामिल होने की बात उन्होंने कही। अगले चार-पांच दिनों में मराठवाड़ा में भी किसानों के मुद्दों को लेकर आंदोलन करने की जानकारी उन्होंने दी।

नागपुर में ‘चाय कट्टा’, पदाधिकारियों के साथ लिया नाश्ता
नागपुर पहुंचने के बाद रोहित पवार ने छत्रपति चौक स्थित प्रसिद्ध रामजी-श्यामजी पोहेवाले यहां नाश्ता किया। उन्होंने पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों के साथ चाय-नाश्ता करते हुए राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों पर भी चर्चा की। रोहित पवार ने सोशल मीडिया पर नागपुरी पोहे और ‘तर्री’ का जिक्र करते हुए इस मुलाकात की तस्वीरें भी साझा कीं। इस दौरान नागपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष सलील देशमुख समेत राष्ट्रवादी कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।


कर्जमाफी को लेकर सरकार पर हमला
रोहित पवार ने राज्य सरकार की कर्जमाफी योजना पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि कर्जमाफी में कई शर्तें रखी गई हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए किसानों को आंदोलन और अनशन तक करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि 55 लाख किसानों में से करीब 40 लाख किसानों को कर्जमाफी का लाभ नहीं मिला है। साथ ही जिन किसानों की कर्जमाफी हुई है, उन्हें बैंकों से दोबारा कर्ज उपलब्ध कराने के लिए सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए, ऐसी मांग उन्होंने की।

धान के दाम को लेकर भी सरकार को घेरा

धान की खरीद को लेकर भी रोहित पवार ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि महाराष्ट्र में करीब 3 करोड़ 40 लाख क्विंटल धान का उत्पादन हुआ, जबकि केवल 1 करोड़ 40 लाख क्विंटल धान की खरीद 2,369 रुपये प्रति क्विंटल की दर से हुई। उन्होंने छत्तीसगढ़ में धान की खरीद 3,500 रुपये प्रति क्विंटल होने का हवाला देते हुए महाराष्ट्र के किसानों को बोनस देने की मांग की। साथ ही इस वर्ष धान की खरीद 3,600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करने की मांग भी उन्होंने रखी।

गुणरत्न सदावर्ते पर भी साधा निशाना
मनोज जरांगे पर अधिवक्ता गुणरत्न सदावर्ते की टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर भी रोहित पवार ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सदावर्ते पर तीखा राजनीतिक आरोप लगाते हुए उन्हें देवेंद्र फडणवीस का ‘शूटर’ बताया।

रोहित पवार ने आरोप लगाया कि बड़े नेता सीधे बयान देने के बजाय कुछ लोगों को आगे कर आरोप-प्रत्यारोप करवाते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक तौर पर यह माना जा सकता है कि सदावर्ते जो कहते हैं, उसके पीछे फडणवीस की राजनीतिक भूमिका हो सकती है।

नागपुर दौरे से विदर्भ के किसानों पर फोकस
रोहित पवार के नागपुर दौरे के दौरान किसानों की समस्याएं उनके निशाने पर रहीं। बारिश की कमी, खरीफ फसलों का नुकसान, पशुओं के लिए चारा-पानी, कर्जमाफी और धान के उचित दाम जैसे मुद्दों को उठाते हुए उन्होंने राज्य सरकार से तत्काल कदम उठाने की मांग की। भंडारा-गोंदिया के बाद नागपुर में भी किसानों के मुद्दों को लेकर उनकी सक्रियता को आगामी राजनीतिक आंदोलन की तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।