खौफनाक मंजर! चंद्रपुर-मूल हाईवे पर 'मामा' बाघ का लाइव शिकार; बीच सड़क पर गाय को घसीटते हुए ले गया, वीडियो वायरल
चंद्रपुर: महाराष्ट्र के चंद्रपुर-मूल महामार्ग पर रविवार को यात्रियों के रोंगटे खड़े कर देने वाली एक घटना सामने आई। ताडोबा क्षेत्र के मशहूर और विशालकाय 'मामा' बाघ ने जानाला गांव के पास एक गाय पर हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हैरान कर देने वाली बात यह रही कि बाघ ने शिकार करने के बाद गाय को बीच हाईवे से घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। इस पूरे मंजर का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दिनदहाड़े हाईवे पर बाघ का तांडव
यह घटना वनपरिक्षेत्र चिचपल्ली बीट के जानाला कक्ष क्रमांक 715 के पास की है। आगड़ी गांव के किसान राजेंद्र वाढई की गाय सड़क के किनारे चर रही थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे 'मामा' बाघ ने अचानक गाय पर झपट्टा मारा। बाघ का हमला इतना जोरदार था कि गाय की मौके पर ही मौत हो गई।
राहगीरों की थमी सांसें, हाईवे पर लगा जाम
आमतौर पर व्यस्त रहने वाले इस हाईवे पर जैसे ही लोगों ने बाघ को देखा, वाहनों के पहिए थम गए। बाघ बेखौफ होकर अपनी शिकार (गाय) को सड़क के एक छोर से दूसरे छोर तक घसीटता रहा। इस नजारे को देखकर वहां से गुजर रहे यात्रियों की सांसें अटक गईं। कई लोगों ने अपनी गाड़ियों के अंदर से ही इस घटना का वीडियो बनाया। बाघ को देखने के लिए मची होड़ के कारण महामार्ग पर काफी देर तक ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही।
कौन है 'मामा' बाघ?
वन विभाग और स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बाघ को इलाके में 'मामा' नाम से जाना जाता है। यह इस क्षेत्र के सबसे बड़े और शक्तिशाली बाघों में से एक है। अक्सर इसे ताडोबा के बफर जोन और आसपास के जंगलों में देखा जाता है, लेकिन मुख्य सड़क पर इस तरह के शिकार ने लोगों में दहशत पैदा कर दी है।
admin
News Admin