Bhandara: जिले में खौफनाक 'हाफ मर्डर': सरेराह चाकूबाजी से दहला शहर, खाकी का इकबाल खत्म!
भंडारा: जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति अब बद से बदतर होती जा रही है। शहर के व्यस्त खात रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास, दिनदहाड़े एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसे मरणासन्न कर दिया गया। इस 'हाफ मर्डर' की वारदात ने भंडारा पुलिस की कार्यप्रणाली और उनके खौफ पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
विवाद के बाद सरेआम चाकूबाजी
मिली जानकारी के अनुसार, खात रोड पर एक फलों की दुकान के पास दो व्यक्तियों के बीच मामूली बात पर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते गुस्सा इतना बढ़ गया कि हमलावर ने चाकू निकालकर दूसरे व्यक्ति पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में घायल व्यक्ति सड़क पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश का दावा कर रही है।
अवैध शराब और पुलिस की 'चुप्पी'
वारदात के बाद पास के सब्जी विक्रेताओं और प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि, घटनास्थल के आसपास अवैध रूप से शराब बेची जाती है। इस अवैध धंधे की जानकारी पुलिस को होने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती। शराबियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े के कारण ही ऐसी हिंसक घटनाएं आम हो गई हैं।
भंडारा-तुमसर में 27 चोरियां और अब हाफ मर्डर
भंडारा जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। अभी दो दिन पहले ही भंडारा और तुमसर इलाके में एक साथ 27 घरों में हुई चोरियों ने पुलिस की नींद उड़ा दी थी। उन चोरियों का सुराग लगने से पहले ही, अब दिनदहाड़े हुई इस चाकूबाजी ने शहरवासियों को डरा दिया है। क्या भंडारा पुलिस का खौफ अपराधियों के मन से पूरी तरह खत्म हो चुका है? आखिर कब तक आम जनता इन अपराधियों और अवैध धंधों की बलि चढ़ती रहेगी?
admin
News Admin