Chandrapur: नशे का कारोबार किया तो पूरी संपत्ति होगी सील, ड्रग तस्करी में शामिल पान दुकान पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंद्रपुर: मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए चंद्रपुर पुलिस ने जटपुरा गेट क्षेत्र स्थित इटनकर पान शॉप को सील कर दिया है। पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्रग तस्करी में शामिल पाए जाने वाले लोगों की संपत्तियां भी इसी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत सील की जाएंगी।
चंद्रपुर शहर में प्रसिद्ध जटपुरा गेट स्थित इटनकर पान शॉप पर 25 जून की रात पुलिस ने छापा मारकर 104 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद किया था। इस कार्रवाई में दुकान संचालक ओम इटनकर को गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से एमडी ड्रग्स सहित करीब 6.5 लाख रुपये का माल जब्त किया गया था।
ड्रग तस्करी के खिलाफ मिशन मोड में अभियान चला रहे पुलिस अधीक्षक ने इस पान दुकान को कानूनी रूप से बंद कराने के लिए महानगरपालिका और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग से समन्वय किया था। आवश्यक आदेश प्राप्त होने के बाद आज गुरुवार को पुलिस ने पूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दुकान को सील कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस कार्रवाई का उद्देश्य ड्रग तस्करों में कड़ा संदेश देना है कि यदि कोई मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल पाया गया, तो उसकी संपत्ति भी कानूनी कार्रवाई के तहत सील की जाएगी।
admin
News Admin