चंद्रपूर कैंसर अस्पताल पर साइबर हमला; डेटा लॉक कर करोड़ों की फिरौती की मांग
चंद्रपूर: शहर के कैंसर केयर फाउंडेशन के मुख्य सर्वर पर साइबर हमले की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। हैकर्स ने अस्पताल का महत्वपूर्ण डेटा लॉक कर दिया और 1.23456 बिटकॉइन की फिरौती की मांग की, जिससे चिकित्सा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 1 जून की सुबह आईटी विभाग ने सर्वर में खराबी देखी। जांच के दौरान सर्वर पर रैंसमवेयर का धमकी भरा संदेश दिखाई दिया। अज्ञात हैकर्स ने अस्पताल की पूरी डिजिटल प्रणाली पर नियंत्रण कर लिया है। इस हमले की वजह से अस्पताल की सूचना प्रबंधन प्रणाली ठप हो गई है। मरीजों का मेडिकल इतिहास, उपचार संबंधी जानकारी तथा प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए हैं। हैकर्स ने धमकी दी है कि फिरौती का भुगतान करने पर ही डेटा अनलॉक करने की 'की' दी जाएगी, अन्यथा डेटा स्थायी रूप से नष्ट कर दिया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने साइबर पुलिस से संपर्क किया। रामनगर थाने में अज्ञात साइबर अपराधियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इस घटना ने चंद्रपूर सहित राज्य के अस्पतालों की साइबर सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
admin
News Admin