Nagpur: नागपुर के प्रतापनगर में 19 वर्षीय युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप, युवती के माता-पिता को भी जान से मारने की धमकी
नागपुर: नागपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती को परेशान करने, उसका पीछा करने और उसके साथ मारपीट कर मोबाइल फोन तोड़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी युवक युवती को दूसरे लड़कों से बात करने से मना करता था। युवती द्वारा उससे बातचीत बंद करने पर उसने कथित तौर पर रास्ते में रोककर उसके साथ धक्का-मुक्की की और अश्लील गाली-गलौज की। साथ ही, युवती के माता-पिता को जान से मारने की धमकी भी दी।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी की पहचान 25 वर्षीय साहिल केदार के रूप में हुई है जबकि पीड़ित युवती 19 वर्ष की है। आरोपी युवती की एक सहेली का मित्र है और युवती उसे पहले से जानती थी। आरोप है कि वह आए दिन युवती का पीछा करता था और उसे दूसरे लड़कों से बातचीत करने से रोकता था। इससे परेशान होकर युवती ने आरोपी से बात करना बंद कर दिया था।
15 अक्टूबर को युवती कॉलेज से पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर प्रताप नगर चौक पर रास्ते में उसका हाथ पकड़कर धक्का-मुक्की की और उसका मोबाइल फोन छीनकर सड़क पर पटक दिया, जिससे फोन टूट गया। आरोपी ने युवती से बातचीत बंद करने को लेकर अश्लील गाली-गलौज की और उसके माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी। युवती की शिकायत के आधार पर प्रतापनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
admin
News Admin