logo_banner
Breaking
  • ⁕ अमित ठाकरे ने आत्महत्या करने वाली छात्रा आकांशा चतुर्वेदी के परिजनों से की मुलाकात, दिया हर संभव मदद का भरोसा; सीएम देवेंद्र फडणवीस किया प्रहार ⁕
  • ⁕ महायुति सरकार ने किसानों को दी बड़ी राहत, किसान कर्जमाफी योजना की दूसरी किस्त जारी; दो चरणों में 12.58 लाख से ज्यादा किसानों को लाभ ⁕
  • ⁕ ईद-ए-मिलाद से पहले नागपुर पुलिस अलर्ट मोड पर, परिमंडल-4 में दंगा काबू के लिए की गई रिहर्सल और रूट मार्च ⁕
  • ⁕ Amravati: शहर के 90 अस्पतालों को नवीनीकरण के निर्देश, नगर पालिका के बार-बार नोटिस देने के बाद भी नहीं हुई कोई कार्रवाई ⁕
  • ⁕ Buldhana: बुलढाणा जिला बैंक में 'सहकार' पैनल की जीत, 21 में से 19 सीटें जीती ⁕
  • ⁕ छात्रों की गूंज पर सियासत तेज, मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया राहुल गांधी का ‘री-लॉन्च कार्यक्रम; छात्रों और इंफ्लुएंसर्स को पैसे देकर बुलाने का किया दावा ⁕
  • ⁕ Akola: महीने भर से बारिश की बेरुखी से सोयाबीन की फसल पर संकट, उत्पादन में 50% से अधिक गिरावट की आशंका ⁕
  • ⁕ Chandrapur: मुस्लिम युवती ने किया श्रीमद्भगवद्गीता का उर्दू अनुवाद, 3 महीने में पूरा किया अनोखा कार्य ⁕
  • ⁕ Nagpur: शराब को लेकर पति-पत्नी में हुआ विवाद, महिला की जान गई; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार ⁕
  • ⁕ Nagpur: 8 साल की बच्ची से कोच ने की छेड़खानी, पुलिस ने आरोपी कोच को किया गिरफ्तार ⁕
Nagpur

Nagpur: बेलतरोड़ी पुलिस की तत्परता से बची महिला की जान, हत्या का प्रयास कर रहे आरोपी पति को किया गिरफ्तार


नागपुर: नागपुर शहर पुलिस आयुक्तालय के बेलतरोड़ी पुलिस थाने की टीम ने आधी रात को तत्परता और अदम्य साहस का परिचय देते हुए एक महिला को मौत के मुंह से बाहर निकाल लिया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न केवल एक महिला की जान बची, बल्कि एक परिवार में होने वाली संभावित हत्या की खौफनाक वारदात भी टल गई।

यह सनसनीखेज घटना 21 मई 2026 की रात करीब 12:05 बजे की है, जब बेलतरोड़ी पुलिस की टीम गोटाळपांजरी इलाके में नाइट पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी के पिता ने घबराते हुए पुलिस वाहन को रोका और सूचना दी कि उनका बेटा घर के भीतर अपनी पत्नी पर चाकू से जानलेवा हमला कर रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाडे के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक नारायण घोडके और पुलिसकर्मी रितेश गोतमारे बिना वक्त गंवाए तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद जब पुलिस ने देखा कि फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद है और अंदर महिला की जान खतरे में है, तो पुलिसकर्मी रितेश गोतमारे ने तुरंत बहादुरी दिखाते हुए दरवाजा तोड़ दिया।

घर के भीतर आरोपी ऋषिकेश सुरेंद्र वानखडे (22) अपनी पत्नी आश्लेषा वानखडे (25) पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर रहा था, जिसे पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत दबोच लिया और उसके हाथ से चाकू छीनकर उसे हिरासत में ले लिया।

हमले में गंभीर रूप से घायल हो चुकी महिला को तुरंत आपातकालीन इलाज की जरूरत थी। ऐसे में वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मुकुंद कवाडे के मार्गदर्शन में एक अलग पुलिस टीम घायल महिला को लेकर एम्स (AIIMS) अस्पताल के लिए रवाना हुई। पुलिस ने सूझबूझ और रफ्तार का परिचय देते हुए रात के समय 9.3 किलोमीटर की दूरी मात्र 15 मिनट में तय की। पहले से ही अस्पताल के डॉक्टरों से बेहतर समन्वय स्थापित कर लेने के कारण महिला को पहुंचते ही समय पर उपचार मिल सका, जिससे उसकी जान बच गई और फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि चार साल पहले दोनों ने प्रेम विवाह किया था। आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था और इसी संदेह के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के खिलाफ पहले भी अपराधी के मामले दर्ज हैं।

इस गंभीर मामले में बेलतरोड़ी पुलिस ने आरोपी ऋषिकेश वानखडे के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि बेलतरोड़ी पुलिस थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 और 2026 के दौरान की गई प्रभावी नाइट पेट्रोलिंग के चलते अब तक हत्या का एक भी मामला दर्ज नहीं हुआ है। पुलिस की इस तत्परता, सूझबूझ और सराहनीय कार्रवाई को देखते हुए नागपुर पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ थपथपाते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है।