पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर; कपिल नगर थाना परिसर की घटना
नागपुर: नागपुर शहर के कपिल नगर थाना अंतर्गत पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर तड़ीपार अपराधी ने अपने साथियों के साथ मिलकर धारदार हथियार से हमला कर दिया।इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि बाद में पुलिस ने इस हमले के मुख्य तड़ीपार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
कपिल नगर थाना क्षेत्र के म्हाडा क्वार्टर निवासी 22 वर्षीय हिमांशु संजय कोहड घटना के समय बस्ती के ही बोधी सत्व बौद्ध विहार के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान तड़ीपार आरोपी रोस्टिंग उर्फ हनी राबर्ट अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह कहा सुनी विवाद में तब्दील हो गई। आरोपियों ने हिमांशु पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही कपिल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर बाद में मुख्य तड़ीपार आरोपी रोस्टिंग उर्फ हनी रॉबर्ट एंथोनी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथियों की तलाश कर रही है। पुराने प्रेम संबंध के चलते इस वारदात को अंजाम दिए जाने की चर्चा है जिसकी जांच पुलिस कर रही है ।
admin
News Admin