मनपा होगी पेपरलेस, वर्क्स मैनेजमेंट सिस्टम जल्द होगा लागू; 160 पार्षदों को दिए जाएंगे टैब
नागपुर: नागपुर महानगरपालिका अब पूरी तरह पेपरलेस सिस्टम की ओर बढ़ने जा रही है। मनपा के कामकाज में फाइलों के ढेर और कागजी प्रक्रिया को खत्म करने के लिए ‘वर्क्स मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू किया जा रहा है। खास बात यह है कि अब मनपा के 160 पार्षदों को भी टैब दिए जाएंगे, जिस पर करीब 70 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है।
नागपुर महानगरपालिका में पेपरलेस कामकाज की दिशा में बड़ा कदम उठाया जा रहा है। मनपा में ‘वर्क्स मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू किया जा रहा है, जिसके जरिए विकास कार्यों से जुड़े दस्तावेज, नागरिकों की शिकायतें, योजनाओं की प्रगति और कर्मचारियों के काम का ब्यौरा एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होगा। इस पूरे सिस्टम पर करीब 12.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
इसी डिजिटल व्यवस्था के तहत अब मनपा के 160 पार्षदों को टैब देने का प्रस्ताव है, जिस पर लगभग 70 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। टैब के जरिए पार्षद अपने क्षेत्र के विकास कार्यों की फाइलों की स्थिति, दस्तावेज और संबंधित जानकारी सीधे देख सकेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, इससे फाइलों के गुम होने या चोरी होने जैसी समस्याओं पर भी रोक लगेगी।
मनपा का ‘वर्क्स मैनेजमेंट सिस्टम’ हैदराबाद की मैसर्स मार्स टेलीफॉम सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड ने विकसित किया है। डिजिटल व्यवस्था के जरिए स्टेशनरी पर होने वाले खर्च में भी कमी आने की उम्मीद है और विकास कार्यों की प्रक्रिया में पारदर्शिता, गति और जवाबदेही बढ़ाने का दावा किया जा रहा है।
admin
News Admin