"दादा, आपने बहुत जल्दी एक्ज़िट ले ली", अजित पवार के निधन पर सीएम फडणवीस का भावुक पत्र
नागपुर: महाराष्ट्र (Maharashtra) की राजनीति आज शोक में डूबी है। उपमुख्यमंत्री अजित पवार (AJit Pawar) के आकस्मिक निधन से न सिर्फ़ राज्य ने एक कद्दावर नेता खो दिया, बल्कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने अपना बेहद करीबी मित्र। इस अपूरणीय क्षति पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने एक भावनात्मक पत्र लिखते हुए अपने मन की पीड़ा शब्दों में उतारी और कहा, “दादा, आपने बहुत जल्दी एक्ज़िट ले ली।”
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने उपमुख्यमंत्री अजित पवार (AJit Pawar) के निधन पर एक मार्मिक पत्र जारी किया है, जिसमें उन्होंने दादा के साथ अपने राजनीतिक और निजी रिश्तों को बेहद संवेदनशील ढंग से याद किया। फडणवीस ने लिखा कि बुधवार सुबह बारामती के पास विमान दुर्घटना की खबर सुनकर उनका मन इसे स्वीकार करने को तैयार नहीं था। जब तक डॉक्टरों की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई, तब तक वे किसी भी सूचना पर भरोसा नहीं कर पा रहे थे।
मुख्यमंत्री ने लिखा कि अजित पवार उनके सिर्फ़ राजनीतिक सहयोगी नहीं, बल्कि एक सच्चे मित्र थे। 2019 के बाद भले ही वे साथ काम करने लगे हों, लेकिन उससे पहले भी राज्य के विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर दोनों एक साथ खड़े रहते थे। फडणवीस ने उन्हें दूरदृष्टि रखने वाला, अपनी ज़ुबान का पक्का और दिलदार नेता बताया।
पत्र में फडणवीस ने उन पलों को भी याद किया, जब विधानसभा में अजित पवार उन्हें मज़ाकिया अंदाज़ में ‘सीएम साहेब’ कहकर संबोधित करते थे और फिर मुस्कुराते हुए खुद को सुधारते थे। उन्होंने लिखा कि उनकी दोस्ती राजनीति से कहीं आगे थी। काम के अलावा देर रात तक बैठकर बातचीत करना, अनौपचारिक बैठकों में भी विकास से जुड़े मुद्दों की सूची तैयार रखना, यही दादा की पहचान थी।
मुख्यमंत्री ने यह भी लिखा कि मंगलवार को ही दोनों मंत्रिमंडल की बैठक और बुनियादी सुविधा समिति की बैठक में साथ थे। परियोजनाओं, खर्च और राज्य के खजाने को लेकर दादा की गंभीरता उन्हें हमेशा निश्चिंत रखती थी। लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि अगली ही सुबह वे हमेशा के लिए चले जाएंगे।
अपने पत्र के अंत में देवेंद्र फडणवीस ने लिखा, “दादा, आप समय के बड़े पाबंद थे, लेकिन इस बार आप ही वक्त से पहले चले गए। यह कसक हमेशा बनी रहेगी कि आपने बहुत जल्दी एक्ज़िट ले ली।”
admin
News Admin